वियतनाम नौका हादसा : चेन्नई लाए गए दो मृतकों के पार्थिव शरीर, विधायक विनोद कन्नन ने दी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
वियतनाम नौका हादसा : चेन्नई लाए गए दो मृतकों के पार्थिव शरीर, विधायक विनोद कन्नन ने दी श्रद्धांजलि


चेन्नई, 14 जुलाई (हि.स.)। वियतनाम में हुए नौका हादसे में जान गंवाने वाले तमिलनाडु के दो लोगों के पार्थिव शरीर मंगलवार सुबह चेन्नई हवाई अड्डे लाए गए। जहां वेल्लोर से तमिलगा वेत्रि कड़गम (टीवीके) के विधायक विनोद कन्नन ने तिरुवन्नामलाई निवासी रविशंकर और वेल्लोर निवासी विनय कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।

दरअसल, एक मोबाइल कंपनी ने अपने वितरकों के लिए वियतनाम में पर्यटन एवं व्यावसायिक यात्रा का आयोजन किया था। इसी दौरान प्रतिभागियों को एक द्वीप तक नौका से ले जाया जा रहा था। अचानक नौका पलट जाने से हुए हादसे में 15 भारतीयों की मौत हो गई। मृतकों में तमिलनाडु के 10, आंध्र प्रदेश के तीन और केरल के दो लोग शामिल हैं।

हादसे के बाद वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने स्थानीय प्रशासन के सहयोग से पार्थिव शरीरों को भारत लाने की प्रक्रिया तेज कर दी। वहीं, तमिलनाडु सरकार ने भी अपने नागरिकों के पार्थिव शरीर जल्द स्वदेश लाने के लिए विशेष प्रयास शुरू किए। इसी क्रम में सेलम रेंज के डीआईजी संतोष हडिमणि को शनिवार रात वियतनाम भेजा गया, जिन्होंने पूरी प्रक्रिया की निगरानी की।

सोमवार रात सभी 15 भारतीयों के पार्थिव शरीर विशेष विमान से मुंबई हवाई अड्डे लाए गए। वहां आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद संबंधित राज्यों के अधिकारियों को पार्थिव शरीर सौंप दिए गए। इसके बाद तमिलनाडु के 10 मृतकों के पार्थिव शरीर चेन्नई और कोयंबटूर भेजे गए।

पहले चरण में रविशंकर और विनय कुमार के पार्थिव शरीर इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान से मंगलवार सुबह चेन्नई पहुंचे। पुराने चेन्नई हवाई अड्डे के कार्गो परिसर स्थित इंडिगो टर्मिनल पर सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पार्थिव शरीर परिजनों और जिला प्रशासन को सौंप दिए गए।

विनय कुमार का पार्थिव शरीर लेने उनके परिवार के सदस्य हवाई अड्डे पहुंचे थे। अधिकारियों ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए विशेष वाहन से पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव के लिए रवाना कर दिया। वहीं, रविशंकर के परिजन चेन्नई हवाई अड्डे नहीं पहुंच सके। ऐसे में जिला प्रशासन ने उनका पार्थिव शरीर अपने कब्जे में लेकर सरकारी वाहन से तिरुवन्नामलाई भेजने की व्यवस्था की।

इस दौरान विधायक विनोद कन्नन ने दोनों दिवंगतों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

अधिकारियों के अनुसार, चेन्नई जिले के अगरम निवासी संतोष कुमार तथा तिरुवल्लूर जिले के गुम्मिडीपोंडी निवासी बाबू के पार्थिव शरीर भी आज मुंबई से चेन्नई लाए जाएंगे। वहीं, शेष छह मृतकों के पार्थिव शरीर कोयंबटूर हवाई अड्डे के माध्यम से उनके संबंधित गृह जिलों तक पहुंचाया जाएगा।

विनय कुमार के ससुर जय प्रभाकरन ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, मेरे दामाद विनय कुमार वियतनाम में आयोजित कंपनी के वितरकों की बैठक में भाग लेने गए थे। बैठक जिस द्वीप पर आयोजित की गई थी, वहां जाते समय नौका दुर्घटना में उनकी मौत हो गई। यह हमारे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।

उन्होंने तमिलनाडु सरकार, भारतीय दूतावास, केंद्र सरकार, टीवीके विधायक विनोद कन्नन, डीआईजी संतोष हडिमणि तथा वियतनाम में भारत की उप-राजदूत प्रियंका का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी अधिकारियों ने लगातार परिवार के संपर्क में रहकर हर चरण की जानकारी दी और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई।

जय प्रभाकरन ने बताया कि वेल्लोर में निर्धारित बिजली कटौती के कारण पार्थिव शरीर को घर पहुंचाने के बाद फ्रीजर बॉक्स में सुरक्षित रखने को लेकर चिंता थी। इसकी जानकारी मिलने पर विधायक विनोद कन्नन ने बिजली विभाग के अधिकारियों से तत्काल संपर्क कर जनरेटर के माध्यम से निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित कराई, जिससे कि अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार की तैयारियों में किसी प्रकार की बाधा न आए। --------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Share this story