टीवीके का दूसरा चरण का शिक्षा पुरस्कार समारोह कल, 27 नवंबर को होगा तीसरा चरण

WhatsApp Channel Join Now

-चेन्नई के नीलांकरई स्थित आरके कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा कार्यक्रम-छात्रों को प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र देंगे मुख्यमंत्री विजय

चेन्नई, 17 नवंबर (हि.स.)। तमिलगा वेत्त्री कज़गम (टीवीके) की ओर से दूसरा चरण का शिक्षा पुरस्कार वितरण समारोह बुधवार, 18 नवंबर को चेन्नई में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 27 नवंबर को तीसरे चरण का समारोह आयोजित करने की तैयारी है। टीवीके के प्रधान कार्यकारी एन. आनंद ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी है। कार्यक्रम के लिए चेन्नई के नीलांकरई स्थित आरके कन्वेंशन सेंटर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

टीवीके की ओर से वर्ष 2023 से तमिलनाडु में 10वीं और 12वीं की सार्वजनिक परीक्षाओं में विधानसभा क्षेत्रवार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके तहत मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाता है। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री और पार्टी अध्यक्ष विजय विद्यार्थियों से मुलाकात करते हैं, उनके साथ तस्वीरें खिंचवाते हैं और उन्हें आगे की पढ़ाई तथा जीवन में सफलता के लिए सुझाव भी देते हैं।

इसी क्रम में शैक्षणिक वर्ष 2025-26 की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए पहला चरण का पुरस्कार वितरण समारोह चार नवंबर को चेन्नई में आयोजित किया गया था। इस दौरान विजय ने अरियालूर, कडलूर, कल्लाकुरिची, तिरुवन्नामलाई और विल्लुपुरम सहित पांच जिलों के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया था। उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और उनकी उपलब्धियों की सराहना की। समारोह में उनके लिए भोज भी आयोजित किया गया था।

अब दूसरे चरण का समारोह 18 नवंबर को नीलांकरई स्थित आरके कन्वेंशन सेंटर में होगा। इसके लिए संबंधित जिलों के छात्र-छात्राओं को बसों के माध्यम से सुरक्षित चेन्नई लाने की व्यवस्था की जा रही है। वहीं, तीसरे चरण का पुरस्कार वितरण समारोह 27 नवंबर को आयोजित किया जाएगा।

आमतौर पर सार्वजनिक परीक्षाओं के परिणाम घोषित होने के कुछ ही दिनों बाद टीवीके की ओर से मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाता है। हालांकि, इस वर्ष तमिलनाडु विधानसभा चुनाव और उसके बाद विजय के नेतृत्व में सरकार के गठन के कारण पुरस्कार वितरण समारोहों के आयोजन में देरी हुई है। टीवीके के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद यह पहला शिक्षा पुरस्कार वितरण समारोह होगा।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778350 Articles

Share this story