तिरुप्परंकुंद्रम पहाड़ी के दीप स्तंभ पर आज प्रज्वलित होगा दीप, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

WhatsApp Channel Join Now
तिरुप्परंकुंद्रम पहाड़ी के दीप स्तंभ पर आज प्रज्वलित होगा दीप, सुरक्षा के कड़े इंतजाम


- उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुपालन की तैयारियां तेज, सेवानिवृत्त न्यायाधीश वैद्यनाथन और पार्थिबन पहुंचे मंदिर- श्रद्धालुओं की चिकित्सा सहायता के लिए 16 मेडिकल टीमें और आठ एंबुलेंस तैनात

तिरुप्परंकुंद्रम, 28 नवंबर (हि.स.)। तमिलनाडु के तिरुप्परंकुंद्रम स्थित मुरुगन मंदिर की पहाड़ी पर बने दीप स्तंभ पर उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुपालन में आज शाम दीप प्रज्वलित किया जाएगा। इसे लेकर मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। दीप प्रज्वलन के साक्षी बनने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे हैं। संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

दीप प्रज्वलन की तैयारियों के तहत दीप स्तंभ के समीप लकड़ी के तख्तों की मदद से मंच तैयार किया जा रहा है। इससे पहले 24 नवंबर को पहाड़ी मार्ग पर स्थित उचि पिल्लैयार मंदिर तक ही बिजली की रोशनी की व्यवस्था की गई थी। अब दीप स्तंभ तक भी बिजली की लाइटें लगाने का काम तेजी से किया जा रहा है।

उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुपालन की निगरानी के लिए नियुक्त सेवानिवृत्त न्यायाधीश वैद्यनाथन और पार्थिबन शनिवार को तिरुप्परंकुंद्रम मुरुगन मंदिर पहुंचे। दोनों ने मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे दीप प्रज्वलन में इस्तेमाल की जाने वाली बड़ी धातु की कड़ाही लेकर पहाड़ी पर गए।

दीप स्तंभ तक जाने के इच्छुक श्रद्धालु सुबह से ही कतारों में अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस प्रत्येक श्रद्धालु की जांच कर रही है। आधार कार्ड दिखाने के बाद ही लोगों को एक-एक कर पहाड़ी पर जाने की अनुमति दी जा रही है। भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था सख्त की गई है।

दीप प्रज्वलन के दौरान संभावित भारी भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी विशेष तैयारियां की हैं। श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए आठ मोबाइल चिकित्सा दलों सहित कुल 16 मेडिकल टीमों को तैनात किया गया है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में तेजी से पहुंचने के लिए चार दोपहिया वाहन चिकित्सा दल भी लगाए गए हैं।

इसके अलावा आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए आठ एंबुलेंस तैयार रखी गई हैं। स्वास्थ्य विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों, हृदय रोगियों और गर्भवती महिलाओं को पहाड़ी पर चढ़ने से बचने की सलाह दी है। प्रशासन और पुलिस श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दीप प्रज्वलन कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने में जुटे हैं। ------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784572 Articles

Share this story