तमिलनाडु चुनाव: पोन्नेरी में राहुल गांधी ने जनसभा को किया संबोधित, लोगों से मांगा समर्थन

WhatsApp Channel Join Now
तमिलनाडु चुनाव: पोन्नेरी में राहुल गांधी ने जनसभा को किया संबोधित, लोगों से मांगा समर्थन


चेन्नई, 18 अप्रैल (हि.स.)। तमिलनाडु में 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां चरम पर पहुंच गई हैं। राज्य की प्रमुख राजनीतिक पार्टियां द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक), अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक) , नाम तमिझर काची (एनटीके) और तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) लगातार रैलियों, जनसभाओं और जनसंपर्क अभियानों के जरिए मतदाताओं तक पहुंचने में जुटी हैं। चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक माहौल और अधिक गर्म होता जा रहा है।

इसी कड़ी में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने भी पोन्नेरी में आयोजित धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन की एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने तमिलनाडु से अपने भावनात्मक जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा, “मैं तमिलनाडु में पैदा नहीं हुआ, लेकिन इस भूमि से मेरा गहरा संबंध है। यह राज्य मेरे दिल में एक विशेष स्थान रखता है।”

राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि महिला आरक्षण के नाम पर निर्वाचन क्षेत्र पुनर्विन्यास विधेयक लाकर तमिलनाडु के प्रतिनिधित्व को कम करने की कोशिश की गई थी। उन्होंने कहा कि इस प्रयास को विपक्ष ने मिलकर विफल कर दिया।

राहुल गांधी ने राज्य की जनता से गठबंधन उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

इससे पहले राहुल गांधी दिल्ली से विमान द्वारा चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचे, जहां उनका स्वागत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गिरीश चोडनकर और तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष सेल्वपेरुंथगई ने किया।

चेन्नई पहुंचने के बाद वे हेलीकॉप्टर के जरिए सीधे पोन्नेरी रवाना हुए। जनसभा के लिए पेरुंचेरी क्षेत्र में करीब 20,000 लोगों की क्षमता वाला विशाल मंच तैयार किया गया था, जबकि हेलीकॉप्टर लैंडिंग के लिए एक निजी स्कूल के मैदान की व्यवस्था की गई।

अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी शाम करीब 4 बजे तुरैयूर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पेरंबलूर बाईपास क्षेत्र में आयोजित जनसभा में भी भाग लेंगे और कांग्रेस उम्मीदवारों के समर्थन में वोट मांगेंगे। इसके बाद वे दिल्ली लौटेंगे और 20 अप्रैल को पुनः तमिलनाडु आकर चुनाव प्रचार को गति देंगे।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Share this story