चेन्नई की फैक्ट्री से 50 किलो स्यूडोएफेड्रिन जब्त, पिता-पुत्र समेत तीन लोग गिरफ्तार
चेन्नई, 14 नवंबर (हि.स.)। चेन्नई में प्लास्टिक की बोतलें और डिब्बे बनाने वाली एक फैक्ट्री से छिपाकर रखा गया 50 किलोग्राम स्यूडोएफेड्रिन रसायन जब्त किया गया है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। नशीले पदार्थों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले इस रसायन की तस्करी के आरोप में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
नारकोटिक्स कंट्रोल विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि चेन्नई के एमकेबी नगर स्थित अन्नई इंदिरा नगर में संचालित एक फैक्ट्री में नशीले पदार्थ बनाने में इस्तेमाल होने वाला स्यूडोएफेड्रिन रसायन छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर विभाग के अधिकारियों ने 13 नवंबर की रात फैक्ट्री में छापेमारी की। इस दौरान दो बोरियों में करीब 25-25 किलोग्राम के हिसाब से कुल 50 किलोग्राम रसायन बरामद हुआ। अधिकारियों ने रसायन जब्त कर तस्करी में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में पिता और पुत्र भी शामिल हैं।
अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह रसायन हैदराबाद से चेन्नई लाया गया था। इसका इस्तेमाल अवैध रूप से नशीले पदार्थ तैयार कर विदेशों में निर्यात करने की योजना थी। जांच में यह भी सामने आया है कि चेन्नई को केंद्र बनाकर सक्रिय अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह एफेड्रिन और स्यूडोएफेड्रिन जैसे रसायनों की ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड सहित अन्य देशों में तस्करी करते रहे हैं।
अधिकारी गिरफ्तार तीनों आरोपितों की भूमिका, रसायन के वास्तविक स्रोत, इसे किस देश में भेजने की योजना थी और इस मामले में सक्रिय घरेलू तथा अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोहों के नेटवर्क की जांच कर रहे हैं।
नारकोटिक्स कंट्रोल विभाग ने कहा कि नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोहों को खत्म करने और इनके निर्माण में इस्तेमाल होने वाले रासायनिक कच्चे माल के अवैध उपयोग पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़ी कोई भी जानकारी राष्ट्रीय नारकोटिक्स निरोधक हेल्पलाइन नंबर 1933 पर दें।------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

