तमिलनाडु में 2 घंटे में 17.69% मतदान

WhatsApp Channel Join Now

चेन्नई, 23 अप्रैल (हि.स.)। तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। सुबह 7 बजे से 9 बजे तक 17.69% मतदान दर्ज किया गया। सबसे अधिक मतदान तिरुप्पूर जिले में 20.38% रहा।

सिलुवाम्पालयम में अन्नाद्रमुक के महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी, सालिग्रामम में पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन, नीलांगरई में नाम तमिऴर कच्ची के समन्वयक सीमान, अविनाशी में केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन, कारैकुडी में पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम, चेन्नई के अड्यार में एएमएमके के महासचिव टीटीवी दिनाकरन और गोबिचेट्टिपालयम के पास कुल्लमपालयम मतदान केंद्र में टीवीके के नेता के.ए. सेंगोट्टैयन सहित कई नेता मतदान कर चुके हैं।

सुपरस्टार रजनीकांत ने चेन्नई के गोपालपुरम स्थित स्टेला मैरिस कॉलेज मतदान केंद्र में अपना वोट डाला। उनके साथ उनकी बेटी सौंदर्या भी थीं। मतदान के बाद उन्होंने अपनी उंगली पर लगी स्याही भी मीडिया को दिखाई। भीड़ अधिक होने के कारण उन्होंने मीडिया से बातचीत नहीं की। इससे पहले, अपने पोएस गार्डन स्थित घर से मतदान के लिए निकलते समय उन्होंने वहां मौजूद प्रशंसकों का अभिवादन किया और कहा, “मैं अपना लोकतांत्रिक कर्तव्य निभाने जा रहा हूं।”

चेन्नई के तेयनामपेट स्थित मतदान केंद्र पर मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने अपने परिवार के साथ वोट डाला। उनकी पत्नी दुर्गा स्टालिन, उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन, उनकी पत्नी कृतिका और बेटे इनबनिधि ने भी कतार में लगकर मतदान किया।

वहीं, अभिनेता से नेता बने विजय ने पहली बार तमिलगा वेत्रि कषगम के प्रमुख और उम्मीदवार के रूप में मतदान किया। इससे पहले वे केवल एक अभिनेता के रूप में मतदान करते रहे हैं। इस बार वे त्रिची पूर्व और पेरंबूर विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ रहे हैं। साथ ही, उनकी पार्टी राज्य की सभी 234 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Share this story