देवर की 119वीं जयंती पर पसुम्पोन में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, उपराष्ट्रपति ने दी श्रद्धांजलि
रामनाथपुरम, 30 अक्टूबर (हि.स.)। स्वतंत्रता सेनानी पसुम्पोन मुथुरामलिंग देवर की 119वीं जयंती और 64वें गुरु पूजा समारोह का आयोजन गुरुवार काे तमिलनाडु के रामनाथपुरम जिले के पसुम्पोन गांव में किया जा रहा है। इस अवसर पर देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने समारोह में शामिल होकर देवर के स्मारक स्थल पर पुष्पमाला अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
उपराष्ट्रपति हेलीकॉप्टर से पसुम्पोन पहुंचे, जहां देवर स्मारकालय की ओर से उनका पूर्णकुंभ सम्मान के साथ स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने मुथुरामलिंग देवर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और पुष्प अर्पित किए। उन्होंने उस आवास का भी दौरा किया, जहां देवर अपने जीवनकाल में रहा करते थे। उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने मुथुरामलिंग देवर के सामाजिक और राष्ट्रीय योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि देवर ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान ही नहीं, बल्कि आजादी के बाद भी अपना जीवन समाज की सेवा के लिए समर्पित किया। उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की और राष्ट्रीय चेतना तथा आध्यात्मिक मूल्यों के उत्थान के लिए तमिल भूमि पर जीवनभर कार्य किया। उन्होंने ईमानदारी, तपस्या और गरिमा से परिपूर्ण जीवन जिया तथा वंचित समुदायों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष किया।
उपराष्ट्रपति ने मदुरै के मीनाक्षी अम्मन मंदिर में वंचित समुदायों के प्रवेश के लिए चले आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि विरोध के बावजूद देवर ने लोगों के अधिकारों के समर्थन में मजबूती से आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि मुथुरामलिंग देवर को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब राष्ट्रवाद और आध्यात्मिकता की परंपराओं को हमेशा सुरक्षित रखा जाएगा। उन्हें सम्मान देना पूरे देश के लोगों का कर्तव्य है।
देवर की जयंती के अवसर पर तमिलनाडु के विभिन्न हिस्सों में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री विजय ने चेन्नई के नंदनम स्थित मुथुरामलिंग देवर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष जे.सी.टी. प्रभाकर, सेंगोट्टैयन, एन. आनंद, आधव अर्जुन, वेंकटरमणन और अन्य नेताओं एवं मंत्रियों ने भी पुष्प अर्पित किए।
वहीं, मदुरै के गोरीपालयम स्थित देवर की प्रतिमा पर डीएमके अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, एआईएडीएमके महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी, नाम तमिलर कच्ची के मुख्य समन्वयक सीमान और एमडीएमके महासचिव वाइको सहित कई नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मदुरै के तेप्पाकुलम क्षेत्र में मरुदु पांडियार की प्रतिमा पर भी नेताओं ने माल्यार्पण किया।
पसुम्पोन में आयोजित 119वीं जयंती और 64वें गुरु पूजा समारोह में तमिलनाडु सरकार के मंत्रियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के शामिल होने की उम्मीद है। हर साल आयोजित होने वाला यह समारोह तमिलनाडु में राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

