मदुरैः घर में रखे गए पटाखों में जोरदार से युवक की मौत, तीन अन्य गंभीर रूप से घायल

WhatsApp Channel Join Now
मदुरैः घर में रखे गए पटाखों में जोरदार से युवक की मौत, तीन अन्य गंभीर रूप से घायल


मदुरै, 05 नवंबर (हि.स.)। जिले के मेलूर के पास घर की छत पर असुरक्षित तरीके से रखे गए दिवाली के पटाखों में जोरदार विस्फोट हो गया। हादसे में एक छात्र की मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज चल रहा है।

मदुरै जिले के कोट्टामपट्टी के पास करुंगालाकुडी कीलाथेरू निवासी जयभारती के बेटे योगेश (20) और उनके मित्र मनोज (21) ओत्ताकडई के पास स्थित एक निजी कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे। दिवाली के लिए दोनों ने हजारों रुपये के पटाखे खरीदकर घर की छत पर बने एक अलग कमरे में रख दिए थे। आधी रात को अचानक छत पर रखे पटाखों में जोरदार धमाका हुआ। हादसे में छत पर बना कमरा ढह गया। इस विस्फोट में मनोज, योगेश और उनकी मां योगवाणी (45) गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग के जवान और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को मेलूर सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मदुरै सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इस बीच, मदुरै सरकारी अस्पताल में इलाज करा रहे मनोज की आज तड़के इलाज के दौरान मौत हो गई। उल्लेखनीय है कि मृतक मनोज मदुरै के ओत्ताकडई क्षेत्र स्थित एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में बीटेक द्वितीय वर्ष का छात्र था।

गंभीर रूप से घायल योगेश और उनकी मां योगवाणी का लगातार गहन उपचार किया जा रहा है।

मेलूर के पुलिस उपाधीक्षक शिवकुमार और तहसीलदार वसंत ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस पटाखा विस्फोट के संबंध में कोट्टामपट्टी पुलिस ने जांच शुरू कर दी।

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि छत के कमरे में रखे पटाखों में अचानक विस्फोट किस वजह से हुआ। साथ ही, क्या उन पटाखों में अधिक तीव्रता वाले विस्फोटक पदार्थ भरे हुए थे, इस पहलू की भी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772659 Articles

Share this story