नीट... तमिलनाडु के वेंकटपति वेलायुधम देश में चमके, 12वीं रैंकिंग

WhatsApp Channel Join Now

चेन्नई, 17 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय पात्रता व प्रवेश परीक्षा (नीट) में तमिलनाडु के वेंकटपति वेलायुधम ने सफलता का परचम फहराया। वेलायुधम ने पुनर्परीक्षा के परिणाम में 99.99915% अंक प्राप्त कर अखिल भारतीय स्तर पर 12वां स्थान हासिल किया है।

अखिल भारतीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वालों की सूची में श्रीनिका, सुदर, वनिशा सतीश सहित तमिलनाडु के 12 छात्र-छात्राओं ने स्थान बनाकर राज्य का नाम रोशन किया है। नीट ने स्नातक चिकित्सा पाठ्यक्रम प्रवेश पुनर्परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। प्रश्नपत्र लीक विवाद के बाद आयोजित पुनर्परीक्षा में तमिलनाडु के छात्रों ने अपनी असाधारण प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ी है।

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा प्रत्येक राज्य से एक टॉपर के आधार पर जारी 44 प्रमुख टॉपर्स की सूची में तमिलनाडु के वेंकटपति वेलायुधम ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। सामान्य वर्ग से संबंधित इस छात्र ने 99.99915% अंक प्राप्त कर राज्य स्तर पर पहला स्थान प्राप्त किया है।

तमिलनाडु के पड़ोसी केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी के कृष्णंथ अभिनव ने पुडुचेरी स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। अन्य पिछड़ा वर्ग से संबंधित इस छात्र ने 99.9721% अंक हासिल कर अखिल भारतीय रैंकिंग में 553वां स्थान प्राप्त किया है।

देशभर के 138 उच्च अंक प्राप्त करने वाले टॉपर्स की सूची में तमिलनाडु के 12 छात्र-छात्राओं ने स्थान बनाया है। यह सभी हैं- वेंकटपति वेलायुधम, श्रीनिका, सुदर, वनिशा सतीश, सबरी, जयकृष्णा, सम्विधा, नवित्तना, निखिल, शिवानंदम, जननी स्वेता और रोहित मैथ्यू। इस परीक्षा में 22 लाख विद्यार्थी बैठे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Share this story