मदुरै में आज अन्नाद्रमुक–भाजपा गठबंधन की चुनाव जनसभा, प्रधानमंत्री मोदी करेंगे संबोधित, रात को पहुंचे चेन्नई
चेन्नई, 01 मार्च (हि.स.)। मदुरै में आज होने वाली चुनाव जनसभा में भाग लेने के लिए चेन्नई पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। अन्नाद्रमुक–भाजपा गठबंधन पूरी ताकत से विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटा हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले महीने मदुरांतकम में प्रचार किया था। उस जनसभा में अन्नाद्रमुक के महासचिव एडप्पाडी पलानीस्वामी और गठबंधन दलों के नेता शामिल हुए थे।
इसी क्रम में चुनाव प्रचार के लिए दूसरी बार प्रधानमंत्री मोदी कल रात चेन्नई पहुंचे। गुजरात से विशेष विमान द्वारा चेन्नई हवाई अड्डे पर पहुंचे प्रधानमंत्री का राज्यपाल आर.एन. रवि, राज्य सरकार की ओर से मंत्री थंगम थेन्नारसु और मुख्य सचिव मुरुगानंदम ने स्वागत किया। इसके बाद अन्नाद्रमुक महासचिव एडप्पाडी पलानीस्वामी, केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन, तमिलनाडु भाजपा की पूर्व अध्यक्ष तमिलिसाई सौंदरराजन सहित कई नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया।
हवाई अड्डे के पास सड़क पर बड़ी संख्या में एकत्र भाजपा और अन्नाद्रमुक कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ विजयी नारे लगाते हुए उनका अभिनंदन किया। प्रधानमंत्री अभिवादन स्वीकार करते हुए कार से गिंडी स्थित राजभवन के लिए रवाना हुए।
प्रधानमंत्री का कार्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी आज सुबह 11:30 बजे चेन्नई से विशेष विमान द्वारा पुडुचेरी जाएंगे। वहां आयोजित सरकारी कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वे हेलीकॉप्टर से दोपहर 1:55 बजे तंजावुर स्थित वायुसेना अड्डे पहुंचेंगे। इसके बाद विमान से रवाना होकर दोपहर 2:45 बजे मदुरै हवाई अड्डे पहुंचेंगे, जहां उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके उपरांत प्रधानमंत्री मदुरै हवाई अड्डा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेकर नई रेल सेवाओं, राष्ट्रीय राजमार्गों सहित कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन
विशेष रूप से दक्षिणी जिलों में चल रहे कई सड़क परियोजनाओं का शुभारंभ भी किया जाएगा। भारतीय रेलवे द्वारा देशभर में 1,300 रेलवे स्टेशनों को “अमृत भारत योजना” के तहत आधुनिक सुविधाओं के साथ पुनर्विकसित किया गया है। तमिलनाडु में पोम्बडी, मोरप्पूर, तिरुवरूर, पोल्लाची, कारैकुडी, मनप्पारई, चोलवंदन और श्रीविल्लिपुथुर सहित 8 रेलवे स्टेशनों तथा चेन्नई बीच–एग्मोर के बीच चौथी रेल लाइन परियोजना (378 करोड़ रुपये की लागत) का लोकार्पण किया जाएगा। इन रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी मदुरै हवाई अड्डे से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से करेंगे।
तिरुपरंकुंद्रम मंदिर में दर्शन
इसके बाद वे शाम 4 बजे कार से तिरुपरंकुंद्रम मुरुगन मंदिर पहुंचकर दर्शन करेंगे। शाम 4:30 बजे वे जनसभा स्थल पर पहुंचेंगे। इसके लिए मंडेला नगर में लगभग 150 एकड़ क्षेत्र में भव्य तैयारियां की गई हैं। विशाल मंच तैयार किया गया है और पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
गठबंधन में शामिल दलों के नेता होंगे शामिल
इस जनसभा में अन्नाद्रमुक महासचिव एडप्पाडी पलानीस्वामी, केंद्रीयमंत्री पीयूष गोयल और एल. मुरुगन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन, पूर्व अध्यक्ष अन्नामलाई और तमिलिसाई सौंदरराजन सहित कई नेता शामिल होंगे। गठबंधन दलों में एएमएमके महासचिव टीटीवी दिनाकरन, पीएमके अध्यक्ष अंबुमणि रामदास, जी.के. वासन, ए.सी. शन्मुगम, पारिवेंदर, जॉन पांडियन, पूवै जगन मूर्ति सहित कई अन्य नेता भी भाग लेंगे।
सभा स्थल पर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। बम निरोधक दस्ते 20 से अधिक टीमों में स्निफर डॉग्स के साथ गहन जांच कर रहे हैं। सभी कार्यकर्ताओं को कड़ी जांच के बाद ही सभा स्थल में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

