तमिलनाडु चुनाव : संपत्ति के मामले में विजय पीछे, लीमा रोज़ सबसे अमीर उम्मीदवार

WhatsApp Channel Join Now
तमिलनाडु चुनाव : संपत्ति के मामले में विजय पीछे, लीमा रोज़ सबसे अमीर उम्मीदवार


चेन्नई, 07 अप्रैल (हि.स.)। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उम्मीदवारों द्वारा घोषित संपत्तियां चर्चा का केंद्र बन गई हैं। इसी क्रम में तिरुचिरापल्ली जिले के लालगुडी विधानसभा क्षेत्र से अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक) की उम्मीदवार लीमा रोज़ राज्य की सबसे अमीर प्रत्याशी के रूप में सामने आई हैं।

लीमा रोज़ की ओर से दाखिल शपथपत्र के अनुसार, उनकी कुल व्यक्तिगत संपत्ति लगभग 1,060 करोड़ रुपये है। इसमें करीब 139 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और लगभग 909 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है।

वहीं, उनके पति मार्टिन की संपत्ति इससे कई गुना अधिक है। उनके नाम पर लगभग 3,262 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 877 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति दर्ज है, यानी कुल मिलाकर उनके नाम करीब 4,139 करोड़ रुपये की संपत्ति है।

इसके अलावा, उनके बेटे डाइसिना मार्टिन के नाम पर भी करीब 700 करोड़ रुपये की संपत्ति है, जिसमें 225 करोड़ रुपये की चल और 439 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां शामिल हैं। इस तरह पूरे परिवार की कुल संपत्ति लगभग 6,000 करोड़ रुपये आंकी गई है।

नकदी की बात करें, तो लीमा रोज़ के पास 5 लाख रुपये, जबकि उनके पति के पास करीब 56 लाख रुपये नकद हैं। आभूषणों में लीमा रोज़ के पास 19,233 ग्राम सोना, 1,31,813 ग्राम चांदी, 1,217 कैरेट हीरे और 32 ग्राम प्लेटिनम है। वहीं उनके पति और बेटे के पास भी सोना-चांदी के बड़े भंडार का उल्लेख किया गया है।

इस चुनाव में संपत्ति के मामले में दूसरे स्थान पर अभिनेता से राजनेता बने तमिलागा वेट्री कज़गम (टीवीके) के संस्थापक विजय हैं, जिनकी घोषित संपत्ति करीब 660 करोड़ रुपये है। लीमा रोज़ की संपत्ति उनसे लगभग 9 गुना अधिक बताई जा रही है।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, तमिलनाडु के इतिहास में यह बेहद दुर्लभ है कि किसी उम्मीदवार ने हजारों करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की हो। लालगुडी सीट पर लीमा रोज़ की मजबूत दावेदारी ने अन्य राजनीतिक दलों के लिए चुनौती खड़ी कर दी है। आगामी चुनाव में यह देखना दिलचस्प होगा कि इतनी बड़ी आर्थिक ताकत चुनावी परिणामों को किस हद तक प्रभावित कर पाती है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Share this story