तिरुप्परंकुंद्रम पहाड़ी पर कड़ी सुरक्षा के बीच कार्तिकई दीपम प्रज्वलित

WhatsApp Channel Join Now
तिरुप्परंकुंद्रम पहाड़ी पर कड़ी सुरक्षा के बीच कार्तिकई दीपम प्रज्वलित


- सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश के अनुपालन में दीप स्तंभ पर जलाया गया महादीपम- मंदिर के पुजारियों की सीमित टीम ने संपन्न कराया धार्मिक अनुष्ठान

मदुरै, 24 नवंबर (हि.स.)। तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुप्परंकुंद्रम पहाड़ी पर मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्तिकई दीपम उत्सव संपन्न हुआ। सुब्रमण्य स्वामी मंदिर के पुजारियों की एक सीमित टीम ने पहाड़ी पर स्थित प्राचीन पत्थर के दीप स्तंभ (दीपथून) पर महादीपम प्रज्वलित किया। इस दौरान पहाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

उच्चतम न्यायालय ने 20 नवंबर 2026 को अंतरिम आदेश जारी कर 24 नवंबर को कार्तिकई दीपम के अवसर पर तिरुप्परंकुंद्रम पहाड़ी के दीप स्तंभ पर दीप प्रज्वलित करने की अनुमति दी थी। न्यायालय ने स्पष्ट किया था कि यह अनुमति केवल इस वर्ष के आयोजन के लिए अस्थायी व्यवस्था के तहत दी गई है। इसे किसी धार्मिक, पारंपरिक अथवा संपत्ति संबंधी अधिकार की अंतिम मान्यता नहीं माना जाएगा।

न्यायालय के निर्देश के अनुसार, मंदिर प्रशासन की ओर से अधिकृत सीमित संख्या में लोगों को ही दीप प्रज्वलित करने की अनुमति दी गई थी। निर्धारित सुरक्षा शर्तों के बीच सुब्रमण्य स्वामी मंदिर के पुजारियों ने धार्मिक विधि-विधान के साथ दीप प्रज्वलित किया।

इस आयोजन को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। दीप स्तंभ पर दीप जलाने के मामले में विभिन्न पक्षों के बीच मतभेद के बाद मामला मद्रास उच्च न्यायालय से होते हुए उच्चतम न्यायालय पहुंचा था। तमिलनाडु सरकार ने उच्चतम न्यायालय के अंतरिम आदेश के खिलाफ पुनर्विचार याचिका भी दाखिल की थी।

मंगलवार को मद्रास उच्च न्यायालय की मदुरै पीठ ने स्पष्ट किया कि पुनर्विचार याचिका लंबित रहने के आधार पर उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुपालन से इनकार नहीं किया जा सकता। उच्च न्यायालय ने संबंधित अधिकारियों को सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

आयोजन के मद्देनजर तिरुप्परंकुंद्रम पहाड़ी और आसपास के इलाकों में करीब 7000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरती।

तिरुप्परंकुंद्रम स्थित सुब्रमण्य स्वामी मंदिर भगवान मुरुगन के छह प्रमुख निवास स्थलों (अरुपडै वीडु) में प्रथम माना जाता है। कार्तिकई दीपम तमिलनाडु के प्रमुख धार्मिक पर्वों में शामिल है। इस अवसर पर मंदिरों और घरों में दीप प्रज्वलित किए जाते हैं। इस वर्ष पहाड़ी पर दीप प्रज्वलन का आयोजन न्यायालय के अंतरिम निर्देशों और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ। दीप स्तंभ से जुड़े धार्मिक एवं अन्य अधिकारों पर अंतिम न्यायिक निर्णय अभी लंबित है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782652 Articles

Share this story