आयकर व उड़नदस्ता टीम का डीएमके नेता जाफर सादिक से जुड़े दस ठिकानाें पर छापा

WhatsApp Channel Join Now

चेन्नई, 06 अप्रैल (हि.स.)। ड्रग्स तस्करी मामले में गिरफ्तार होकर फिलहाल जमानत पर बाहर आए डीएमके के पूर्व पदाधिकारी जाफर सादिक से जुड़े ठिकानों सहित 10 से अधिक स्थानों पर साेमवार सुबह आयकर विभाग के अधिकारियाें ने छापा मारा।

तमिलनाडु विधानसभा के चुनाव के दाैरान चेन्नई में कुछ लोगों के पैसे बांटे जाने की सूचना आयकर विभाग और चुनाव उड़नदस्ता टीम को मिली थी। इसी आधार पर आज सुबह आयकर अधिकारी और उड़नदस्ता टीम के सदस्याें ने डीएमके नेता जाफर सादिक से

जुड़े ठिकानाें सहित शहर के 10 से अधिक स्थानों पर छापा मारा। खबर लिखे जाने तक कार्यवाही चल रही थी। आयकर और अन्य

अधिकारी खास तौर पर चेन्नई के अन्ना सलाई, पुरसावक्कम, एग्मोर और पट्टिनपक्कम जैसे इलाकों में जांच पड़ताल कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि वर्ष 2024 में दाे हजारकरोड़ के ड्रग्स तस्करी मामले में फंसे जाफर सादिक से जुड़े ठिकानों और उनकी संबंधित कंपनियों में भी आयकर विभाग की टीमें जांच कर रही हैं। जाफर सादिक को 2024 में केंद्रीय नारकोटिक्स कंट्रोल और प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों ने गिरफ्तार किया था और वे जेल में थे। कुछ दिन पहले ही वे जमानत पर बाहर आए हैं।

आयकर विभाग की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है। पूरी जांच खत्म होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि क्या कोई अवैध नकदी बरामद हुई है और क्या जाफर सादिक इसमें शामिल थे। चुनाव के समय हुई इस बड़ी कार्रवाई ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है।

उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र पूरे राज्य में चुनाव आचार संहिता लागू है। इसी के तहत उड़नदस्ता टीम, पुलिस, आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी नकद लेनदेन (कैश वितरण) की निगरानी के लिए सघन जांच कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Share this story