तमिलनाडु में मानसून की सुस्ती से बढ़ी गर्मी, 16 जिलों में हीट वेव का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now

चेन्नई, 16 जुलाई (हि.स.)। दक्षिण-पश्चिम मानसून के अपेक्षित रूप से सक्रिय नहीं होने के कारण तमिलनाडु में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास या उससे ऊपर दर्ज किया जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के चेन्नई क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार को राज्य के 16 जिलों में हीट वेव (लू) चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं, चेन्नई और इसके उपनगरीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य में सबसे अधिक तापमान वेल्लोर में 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इसके अलावा मदुरै में 41.0 डिग्री सेल्सियस, तिरुत्तनी में 40.0 डिग्री सेल्सियस, पालायमकोट्टई में 39.5 डिग्री सेल्सियस, इरोड में 39.4 डिग्री सेल्सियस, तिरुचिरापल्ली में 38.7 डिग्री सेल्सियस, तंजावुर में 38.0 डिग्री सेल्सियस तथा नागपट्टिनम में 37.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

राजधानी चेन्नई में भी भीषण गर्मी का असर बना हुआ है। मीनाम्बक्कम में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस तथा नुंगमबक्कम में 39.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने कहा है कि आने वाले दिनों में तापमान में कोई विशेष गिरावट की संभावना नहीं है। कुछ इलाकों में तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि हो सकती है।

मौसम विभाग ने अधिक तापमान और हवा में नमी के कारण तटीय तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में हीट स्ट्रेस (गर्मी से शारीरिक तनाव) की स्थिति बनने की भी आशंका जताई है। इसके मद्देनजर लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने तथा गर्मी से बचाव के सभी आवश्यक उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।

आईएमडी ने आज (16 जुलाई) को तिरुपत्तूर, वेल्लोर, रानीपेट, कल्लाकुरिची, तिरुवन्नामलाई, कांचीपुरम, नामक्कल, करूर, इरोड, तिरुचिरापल्ली, अरियालुर, पेरम्बलूर, शिवगंगई, विरुधुनगर, डिंडीगुल और मदुरै जिलों के एक-दो स्थानों पर हीट वेव की चेतावनी जारी की है। वहीं 17 जुलाई को विरुधुनगर, शिवगंगई, मदुरै, डिंडीगुल, करूर, नामक्कल और इरोड जिलों में हीट वेव की स्थिति बने रहने की संभावना व्यक्त की गई है।

बारिश की संभावना को लेकर मौसम विभाग ने कहा है कि अगले कुछ दिनों तक केवल पश्चिमी घाट से लगे जिलों के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश से इनकार नहीं किया जा सकता।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 17 जुलाई के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून की गतिविधियों में धीरे-धीरे तेजी आने की संभावना है। इसके बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों में वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे तापमान में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Share this story