तमिलनाडु की मदुरांतकम और धारापुरम सीटों पर मतदान समाप्त, ईवीएम सील

WhatsApp Channel Join Now
तमिलनाडु की मदुरांतकम और धारापुरम सीटों पर मतदान समाप्त, ईवीएम सील


चेन्नई, 06 अक्टूबर (हि.स.)। तमिलनाडु के मदुरांतकम और धारापुरम विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए मंगलवार को शाम छह बजे मतदान समाप्त हो गया। मतदान समाप्त होने के बाद चुनाव आयोग के अधिकारियों ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) को सील करने और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

शाम साढ़े पांच बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, मदुरांतकम में 83.86 प्रतिशत और धारापुरम में 78.53 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं, केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की तट्टांचावडी विधानसभा सीट पर शाम पांच बजे तक 78.83 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां शाम छह बजे तक मतदान जारी रहा।

मदुरांतकम और धारापुरम दोनों विधानसभा क्षेत्रों में इस बार हुए उपचुनाव में पिछले अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव की तुलना में मतदान प्रतिशत कम रहा। तट्टांचावडी में भी पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में करीब 5.5 प्रतिशत कम मतदान दर्ज किया गया।

इन सीटों पर उपचुनाव तत्कालीन निर्वाचित विधायकों के इस्तीफे के बाद कराया गया। मदुरांतकम से अन्नाद्रमुक के टिकट पर निर्वाचित मरगतम कुमारवेल और धारापुरम से निर्वाचित सत्यभामा ने विधायक पद से इस्तीफा देकर सत्तारूढ़ दल टीवीके में शामिल हो गई थीं।

उपचुनाव को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने दोनों विधानसभा क्षेत्रों में करीब एक महीने तक प्रचार किया। मतदान से दो दिन पहले चुनाव प्रचार समाप्त हो गया था। इसके बाद मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान कराया गया।

दोनों विधानसभा क्षेत्रों में सुबह 6:30 बजे उम्मीदवारों के मतदान एजेंटों की मौजूदगी में मॉक पोल कराया गया। इसके बाद सुबह सात बजे वास्तविक मतदान शुरू हुआ। मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम और अन्य चुनाव सामग्री को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सील कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जा रहा है।

दोनों सीटों के परिणाम नौ अक्टूबर को मतगणना के बाद घोषित किए जाएंगे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Share this story