तमिलनाडु में टीवीके विजय की ओर, भाजपा ने इसे द्रमुक के खिलाफ नाराजगी बताया
नई दिल्ली, 04 मई (हि.स.)। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के रुझान में एक बड़ा उलफेर सामने आया है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन अपनी सीट से हार गए हैं। रुझानों में तमिलगा वेत्री कजगम (टीवीके) के नेता दक्षिण भारतीय सुपरस्टार 'थलपति' विजय की पार्टी को 100 से अधिक सीटों पर जीत मिलती दिखाई दे रही है। इसपर भाजपा नेता जीवीएल नरसिम्हन ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह नतीजे साफ दर्शाते हैं कि किस तरह से तमिलनाडु की जनता सत्तारुढ़ पार्टी से नाराज थी। राज्य की जनता ने द्रमुक के पिछले पांच साल के कार्यकाल के खिलाफ वोट किया है।
मीडिया से बातचीत में जीवीएल ने कहा कि तमिलनाडु की जनता लंबे से समय से द्रमुक सरकार के खिलाफ मन बना चुकी थी। भाजपा ने अन्नाद्रमुक के साथ द्रमुक के खिलाफ चुनाव लड़ा। जनता टीवीके के विजय को सबसे ज्यादा सीटें लाने वाली पार्टी बना रही है। वहां किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिला है। वहां जो भी सरकार बनेगी वो केन्द्र सरकार के साथ मिलकर राज्य के विकास पर करेगी। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में केन्द्र सरकार के साथ सहयोग करने वाली सरकार बनेगी, क्योंकि द्रमुक की सरकार ने केन्द्र के साथ लगातार लड़ झगड़कर सरकार चलाई।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान संसद के विशेष बैठक में द्रमुक ने केन्द्र सरकार के ऊपर कीचड़ उछालने की कोशिश की।महिला आरक्षण विधेयक को रोकने का काम किया। जनता ने द्रमुक को जवाब दे दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

