तमिलनाडु के धारापुरम विधानसभा उपचुनाव में प्रचार तेज, पेयजल संकट बना प्रमुख मुद्दा

WhatsApp Channel Join Now
तमिलनाडु के धारापुरम विधानसभा उपचुनाव में प्रचार तेज, पेयजल संकट बना प्रमुख मुद्दा


धारापुरम, 30 सितंबर (हि.स.)। तमिलनाडु में धारापुरम और मदुरांतकम विधानसभा क्षेत्रों में छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक दलों का प्रचार अभियान तेज हो गया है। तिरुप्पुर जिले के धारापुरम (एससी आरक्षित) विधानसभा क्षेत्र में प्रमुख दलों के उम्मीदवार लगातार मतदाताओं से संपर्क कर समर्थन मांग रहे हैं। धारापुरम में कुल 22 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

तमिलगा वेत्रि कझगम (टीवीके) के अध्यक्ष और राज्य के मुख्यमंत्री विजय आज धारापुरम में अपनी पार्टी की उम्मीदवार सत्याबामा के समर्थन में प्रचार करने वाले हैं। पार्टी की ओर से उनके कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निर्धारित संख्या में लोगों को क्यूआर कोड के आधार पर अनुमति दिए जाने की जानकारी दी गई है। कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की भी तैयारी की गई है।

दरअसल, धारापुरम सीट पर उपचुनाव पूर्व विधायक सत्याबामा के इस्तीफे के बाद हो रहा है। सत्याबामा ने पिछले विधानसभा चुनाव में अन्नाद्रमुक के टिकट पर जीत दर्ज की थी। बाद में उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा देकर तमिलगा वेत्रि कझगम (टीवीके) का दामन थाम लिया। उपचुनाव में टीवीके ने उन्हें ही उम्मीदवार बनाया है।

धारापुरम में टीवीके, द्रमुक, अन्नाद्रमुक, भाकपा, माकपा और नाम तमिलर कच्ची सहित विभिन्न दलों के उम्मीदवार मैदान में हैं। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यहां 22 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। उम्मीदवारों की संख्या अधिक होने के कारण मतदान के दौरान दो बैलेट यूनिट का इस्तेमाल किया जाएगा।

धारापुरम विधानसभा क्षेत्र में पेयजल की उपलब्धता, परम्बिकुलम-आलियार परियोजना से पानी की आपूर्ति और बुनियादी सुविधाएं प्रमुख स्थानीय मुद्दे बने हुए हैं। ग्रामीण इलाकों में सड़क, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी मांगें भी चुनाव प्रचार के दौरान प्रमुखता से उठाई जा रही हैं।

सभी प्रमुख राजनीतिक दल अपने-अपने चुनावी वादों और स्थानीय मुद्दों को लेकर मतदाताओं के बीच पहुंच रहे हैं। इसी दौरान टीवीके और अन्नाद्रमुक कार्यकर्ताओं के बीच प्रचार के दौरान कथित झड़प की घटना भी सामने आई, जिसने चुनावी माहौल को और चर्चा में ला दिया है।

धारापुरम का चुनावी इतिहास भी इसे महत्वपूर्ण बनाता है। पिछले कई चुनावों में द्रमुक और अन्नाद्रमुक के बीच मुकाबला रहा है और दोनों दलों को अलग-अलग चुनावों में सफलता मिलती रही है। ऐसे में मौजूदा उपचुनाव में स्थानीय मुद्दों, उम्मीदवारों की राजनीतिक पृष्ठभूमि, दलों के प्रचार अभियान और मतदाताओं की स्थानीय अपेक्षाओं पर विशेष ध्यान है।

धारापुरम और मदुरांतकम दोनों विधानसभा क्षेत्रों में छह अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना नौ अक्टूबर को की जाएगी।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Share this story