तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति से श्रद्धालुओं में खुशी

WhatsApp Channel Join Now
तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति से श्रद्धालुओं में खुशी


तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति से श्रद्धालुओं में खुशी


-तिरुपरंकुंद्रम मुरुगन मंदिर के सामने 108 नारियल फोड़े गए और कपूर जलाकर विशेष पूजा-अर्चना की गई।-दीपस्तंभ के पास नारेबाजी और भीड़ जुटाने पर रोक, केवल जिला कलेक्टर से अधिकृत व्यक्तियों को मिलेगी प्रवेश की अनुमति

मदुरै, 21 नवंबर (हि.स.)। तमिलनाडु के ऐतिहासिक शहर मदुरै स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर दरगाह के पास बने दीपस्तंभ पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति मिलने से श्रद्धालुओं और हिंदू संगठनों में खुशी की लहर है। उच्चतम न्यायालय ने दीपस्तंभ पर दीप प्रज्वलित करने की अनुमति देते हुए इसके लिए कई शर्तें निर्धारित की हैं। अदालत ने स्पष्ट किया है कि यह अंतरिम आदेश केवल इस वर्ष के कार्तिगई दीपम पर्व पर लागू होगा। मामले में आगे भी सुनवाई जारी रहेगी और अंतिम निर्णय बाद में सुनाया जाएगा।

उच्चतम न्यायालय के अंतरिम आदेश का स्वागत करते हुए तिरुपरंकुंद्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), हिंदू मुन्नानी तथा हिंदू मक्कल काची सहित विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता एकत्र हुए। इस दौरान लोगों ने मिठाइयां बांटकर खुशी जताई। तिरुपरंकुंद्रम मुरुगन मंदिर के सामने 108 नारियल फोड़े गए और कपूर जलाकर विशेष पूजा-अर्चना की गई।

श्रद्धालुओं ने कहा कि उच्चतम न्यायालय के आदेश से तिरुपरंकुंद्रम के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने का रास्ता साफ हुआ है। उन्होंने इसे स्थानीय लोगों, मुरुगन भक्तों और हिंदू संगठनों के साथ भगवान सुब्रमण्य स्वामी की भी जीत बताया। उनका कहना था कि उनके पूर्वजों ने दीपस्तंभ पर दीप जलाने की परंपरा देखी थी और अब उन्हें भी यह अवसर मिलने जा रहा है।

उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुसार, दीप प्रज्वलन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए मदुरै के जिला कलेक्टर, पुलिस और पुरातत्व विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करना होगा। दीपस्तंभ तक केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही जाने की अनुमति होगी। मंदिर और सरकारी विभागों के अधिकारी ही दीप जलाने की प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। इनके चयन की जिम्मेदारी जिला कलेक्टर को सौंपी गई है।

अदालत ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत दीपस्तंभ के आसपास नारेबाजी करने और भीड़ एकत्र करने पर रोक लगाई है। दीप जलाने के दौरान आम लोगों को स्तंभ वाले स्थान तक जाने की अनुमति नहीं होगी। वहां केवल जिला कलेक्टर की ओर से अधिकृत व्यक्ति ही पहुंच सकेंगे। उच्चतम न्यायालय ने पुलिस आयुक्त को उचित सुरक्षा व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। आवश्यकता पड़ने पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों की तैनाती भी की जा सकती है।

आदेश के मुताबिक, कार्तिगई दीपम के दिन दीपस्तंभ पर केवल एक बार दीप जलाया जा सकेगा। इसके लिए अधिकृत टीम का चयन भी जिला कलेक्टर करेंगे। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह अनुमति केवल इस वर्ष के पर्व के लिए है। अंतिम निर्णय आने में देरी होने की स्थिति में भी यह आदेश अगले वर्ष स्वतः लागू नहीं होगा।

उल्लेखनीय है कि भगवान मुरुगन के छह प्रमुख निवास स्थलों (अरुपडै वीडु) में प्रथम माने जाने वाले तिरुपरंकुंद्रम सुब्रमण्य स्वामी मंदिर की धार्मिक और ऐतिहासिक परंपराएं विशिष्ट हैं। मंदिर के मुख्य देवता भगवान मुरुगन हैं, लेकिन धार्मिक मान्यता के अनुसार इस स्थान को शिवस्थल के रूप में भी पूजा जाता है। यहां भगवान शिव को परंगिरिनाथर और सत्यगिरीश्वरर तथा देवी को आवुडैनायकी के नाम से जाना जाता है।

मंदिर की परंपरा के अनुसार, श्रद्धालु सबसे पहले गुफा मंदिर में विराजमान परंगिरिनाथर और देवी आवुडैनायकी की पूजा करते हैं। इसके बाद भगवान मुरुगन के दर्शन किए जाते हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780769 Articles

Share this story