चेन्नई एयरपोर्ट पर करीब 5 करोड़ रुपये की क्रिस्टल मेथ बरामद,तस्कर पार्सल छोड़कर फरार
चेन्नई, 17 जून (हि.स.)। चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग लगभग पांच करोड़ मूल्य की मेथामफेटामाइन (क्रिस्टल मेथ) की खेप जब्त की है। यह मादक पदार्थ एक लावारिस पार्सल से बरामद किया गया, जिसे विदेश भेजे जाने की योजना थी। घटना के बाद पार्सल छोड़कर फरार हुए लोगों की तलाश तेज कर दी गई है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, हवाई अड्डे पर नियमित जांच के दौरान कस्टम अधिकारियों को एक संदिग्ध लावारिस पार्सल मिला। संदेह होने पर जब उसकी गहन जांच की गई, तो उसमें बड़ी मात्रा में क्रिस्टल मेथ छिपी हुई पाई गई। इसके बाद नारकोटिक्स कंट्रोल और कस्टम विभाग की संयुक्त टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ को अपने कब्जे में ले लिया और विस्तृत जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप कार्गो विमान के माध्यम से मलेशिया भेजी जानी थी। मामले के खुलासे के बाद हवाई अड्डे पर यात्रियों और कार्गो सामान की जांच को और सख्त कर दिया गया है।
अधिकारियों को आशंका है कि जांच की बढ़ती सख्ती के कारण तस्कर पार्सल छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद हवाई अड्डे परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों के यात्रा विवरण और अन्य दस्तावेजों की भी बारीकी से जांच की जा रही है।
कस्टम विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तस्करी नेटवर्क की पहचान करने के लिए व्यापक जांच अभियान शुरू किया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े लोगों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
गौरतलब है कि तमिलनाडु में हाल के वर्षों में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध आवाजाही के मामलों में वृद्धि देखी गई है। इसे देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी और जांच को मजबूत कर रही हैं। हालिया बरामदगी को अधिकारियों ने एक बड़ी सफलता बताया है, जो अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क पर लगाम कसने की दिशा में अहम मानी जा रही है।----------
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

