तमिलनाडु में राज्यसभा सीट कांग्रेस को आवंटित, टीवीके–कांग्रेस गठबंधन में सहमति बनी

WhatsApp Channel Join Now
तमिलनाडु में राज्यसभा सीट कांग्रेस को आवंटित, टीवीके–कांग्रेस गठबंधन में सहमति बनी


चेन्नई, 03 जून (हि.स.)। तमिलनाडु की राजनीति में आगामी राज्यसभा चुनावों को लेकर एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री विजय ने घोषणा की है कि राज्य में रिक्त हुई राज्यसभा सीट तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) के नेतृत्व वाले गठबंधन के तहत कांग्रेस को आवंटित की जाएगी। यह चुनाव 18 जून, 2026 को प्रस्तावित है।

मुख्यमंत्री विजय ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि तमिलनाडु से चुनी जाने वाली रिक्त राज्यसभा सीट कांग्रेस को दी गई है। इस निर्णय के साथ गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर लंबे समय से चल रही चर्चाओं पर विराम लग गया है।

दरअसल, कांग्रेस के वरिष्ठ पर्यवेक्षक गिरीश चोडणकर ने हाल ही में चेन्नई में मुख्यमंत्री विजय से मुलाकात की थी। इस दौरान राज्यसभा सीट आवंटन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने इस पर सकारात्मक रुख अपनाने का आश्वासन दिया था, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया।

मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में गिरीश चोडणकर ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री विजय के साथ राज्यसभा सीट को लेकर विस्तृत चर्चा की थी। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में कांग्रेस की मजबूत उपस्थिति पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है और यह निर्णय उसकी रणनीतिक जरूरतों के अनुरूप है।

चोडणकर ने बताया कि दिल्ली दौरे के दौरान समयाभाव के कारण कांग्रेस नेतृत्व की मुख्यमंत्री विजय से मुलाकात नहीं हो सकी, हालांकि उन्हें गोवा आने का निमंत्रण दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु में राज्यसभा की कुछ सीटों का कार्यकाल जून 2026 में समाप्त हो रहा है, जिसके चलते 18 जून 2026 को चुनाव निर्धारित किया गया है। इसके अलावा तीन राज्यसभा सीटें रिक्त हुई हैं, जिनमें सी. वी. शनमुगम सहित कुछ सदस्यों के इस्तीफे के बाद उपचुनाव की स्थिति बनी है।

राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि कांग्रेस की ओर से प्रवीण चक्रवर्ती को राज्यसभा उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा जा सकता है। हालांकि इस पर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि इस संभावित नाम पर भी मुख्यमंत्री विजय और कांग्रेस नेतृत्व के बीच चर्चा हुई है।--------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Share this story