मुख्यमंत्री विजय 20 नवंबर को तिरुचि में 110 करोड़ की लागत से बने अस्पताल भवन का करेंगे उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री विजय 20 नवंबर को तिरुचि में 110 करोड़ की लागत से बने अस्पताल भवन का करेंगे उद्घाटन


तिरुचि, 18 नवंबर (हि.स.)। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय 20 नवंबर को सरकारी कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए तिरुचि जिले का दौरा करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर में सड़कों की मरम्मत, साफ-सफाई और रंग-रोगन का काम कराया जा रहा है। वहीं, जिला पुलिस सुरक्षा के व्यापक इंतजाम कर रही है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री विजय 20 नवंबर को सुबह नौ बजे विशेष विमान से चेन्नई से तिरुचि के लिए रवाना होंगे। सुबह 10 बजे तिरुचि हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद वे सड़क मार्ग से पुथूर क्षेत्र जाएंगे। इस दौरान रास्ते में आम जनता और तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे।

मुख्यमंत्री पुथूर स्थित महात्मा गांधी स्मारक सरकारी अस्पताल परिसर में 110 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे अस्पताल परिसर का निरीक्षण करेंगे।

अस्पताल में उद्घाटन और निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री अन्ना खेल मैदान के निकट स्थित तमिलनाडु होटल परिसर में आयोजित सरकारी समारोह में शामिल होंगे। यहां वे करोड़ों रुपये की लागत से पूरी हो चुकी विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे तथा नई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। साथ ही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता प्रदान करेंगे।

सरकारी कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री पार्टी पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक भी करेंगे। इसके बाद दोपहर में तिरुचि हवाई अड्डे पहुंचकर विशेष विमान से चेन्नई लौट जाएंगे।

दौरे को लेकर तैयारियां तेज

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर तिरुचि शहर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। नगर निगम और लोक निर्माण विभाग की ओर से तिरुचि हवाई अड्डे से पुथूर सरकारी अस्पताल तक प्रमुख सड़कों के डिवाइडरों के दोनों तरफ रंग-रोगन कराया जा रहा है। सड़कों के किनारे जमा कचरे को हटाकर साफ-सफाई की जा रही है। सरकारी अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार और चारदीवारी का भी रंग-रोगन किया जा रहा है। इसके अलावा अस्पताल परिसर में नई तारकोल सड़क बनाने का काम जारी है।

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए तिरुचि जिला पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778953 Articles

Share this story