उचित दस्तावेज़ होने पर कितनी भी राशि ले जा सकते हैं : अर्चना पटनायक

WhatsApp Channel Join Now
उचित दस्तावेज़ होने पर कितनी भी राशि ले जा सकते हैं : अर्चना पटनायक


-20 घंटों में 1.26 करोड़ रुपये के नकद और सामान जब्त

चेन्नई, 16 मार्च (हि.स.)। तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित होने के बाद पिछले 20 घंटों में 1.26 करोड़ रुपये के नकद और सामान जब्त किए गए हैं। यह जानकारी तमिलनाडु की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अर्चना पट्नायक ने सोमवार को दी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने चेन्नई सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 30 मार्च से शुरू होकर 6 अप्रैल तक चलेगी। हालांकि 31 मार्च और 3, 4, 5 अप्रैल को सार्वजनिक अवकाश होने के कारण इन दिनों नामांकन दाखिल नहीं किया जा सकेगा। नामांकन पत्रों की जांच 7 अप्रैल को होगी और 9 अप्रैल तक उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकेंगे।

उन्होंने बताया कि मतदान 23 अप्रैल को होगा और मतगणना 4 मई को की जाएगी। चुनाव आचार संहिता 6 मई तक लागू रहेगी।

अर्चना पट्नायक ने कहा कि 15 मार्च तक तमिलनाडु में कुल 5.69 करोड़ मतदाता हैं। पूरे राज्य में चुनाव की निगरानी के लिए 2,106 फ्लाइंग स्क्वॉड (उड़नदस्ता टीमें) बनाई गई हैं। मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए चुनाव अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं के मोबाइल फोन सुरक्षित रखने की भी व्यवस्था की जाएगी।

नकद जब्ती के बारे में उन्होंने कहा कि उचित दस्तावेजों के साथ कोई भी व्यक्ति कितनी भी राशि ले जा सकता है। जांच के दौरान दस्तावेज सही पाए जाने पर वह राशि तुरंत लौटाई जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि आम लोगों को परेशान नहीं किया जाए। डिजिटल लेन-देन पर भी निगरानी रखी जाएगी।

निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 26 मार्च तक नए मतदाता पहचान पत्र के लिए आवेदन किया जा सकता है। पहले से आवेदन कर चुके लोगों को दस्तावेज सही पाए जाने पर जल्द ही मतदाता पहचान पत्र उपलब्ध कराया जाएगा।

चुनाव प्रचार के नियमों पर उन्होंने कहा कि प्रचार के लिए ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होगा। चुनाव प्रचार सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक किया जा सकता है। यदि किसी कार्यक्रम में 5,000 से अधिक लोग जुटते हैं, तो वहां आवश्यक बुनियादी सुविधाएं देखी जाएंगी।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Share this story