तमिलनाडु के कृष्णागिरी में कार-बस की टक्कर में 3 लोगों की मौत, एक की हालत गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
तमिलनाडु के कृष्णागिरी में कार-बस की टक्कर में 3 लोगों की मौत, एक की हालत गंभीर


कृष्णागिरी, 22 अप्रैल (हि.स.)। तमिलनाडु के कृष्णागिरी जिले में बुधवार सुबह हुए एक सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना होसुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस समय हुई, जब एक कार और ओम्नी बस की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

पुलिस के मुताबिक, कार बेंगलुरु से धर्मपुरी की ओर जा रही थी, जिसमें चार लोग सवार थे। सानामावु क्षेत्र के पास पहुंचने पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सामने से आ रही ओम्नी बस से टकरा गई। बस उलुंदूरपेट से यात्रियों को लेकर बेंगलुरु जा रही थी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल लोग मदद के लिए पुकारते रहे। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल घटनास्थल पर पहुंचे और फंसे लोगों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक अन्य घायल की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

मृतकों की पहचान धर्मपुरी जिले के सिकारा अल्ली गांव के वीरमणि, प्रताप और मारी के रूप में हुई है। वहीं घायल सतीश कुमार का उपचार चल रहा है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी लोग बेंगलुरु से अपने गांव मतदान करने के लिए लौट रहे थे। तभी पोननगरम की ओर जाते समय यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Share this story