तमिलनाडु में छाया “सीएम विजय लुक”, ब्लैक-व्हाइट कोट-सूट बना नया फैशन ट्रेंड

WhatsApp Channel Join Now
तमिलनाडु में छाया “सीएम विजय लुक”, ब्लैक-व्हाइट कोट-सूट बना नया फैशन ट्रेंड


चेन्नई, 15 मई (हि.स.) । तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय का ब्लैक-एंड-व्हाइट कोट-सूट इन दिनों राज्य में नया फैशन ट्रेंड बन गया है। बाजार में इस स्टाइल को “सीएम विजय लुक” और “थलापति ऑफिशियल स्टाइल” के नाम से बेचा जा रहा है। युवाओं और विजय समर्थकों के बीच इसकी मांग तेजी से बढ़ रही है।

हाल ही में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में तमिलगा वेट्री कड़गम ने 108 सीटों पर जीत दर्ज कर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरकर सामने आई। इसके बाद 10 मई को जोसेफ विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में विजय ने काले रंग का कोट, सफेद शर्ट और काली पैंट पहनकर एक सादा लेकिन प्रभावशाली राजनीतिक छवि पेश की। तभी से उनका यह पहनावा चर्चा का विषय बना हुआ है।

मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय लगातार सचिवालय बैठकों, सरकारी कार्यक्रमों और सार्वजनिक आयोजनों में भी इसी तरह के औपचारिक ब्लैक-व्हाइट ड्रेस कोड में नजर आ रहे हैं। उनके समर्थक इसे अनुशासन, सादगी और नेतृत्व की पहचान के रूप में देख रहे हैं।

फिल्मी दुनिया में “थलापति” के नाम से मशहूर विजय लंबे समय से अपने स्टाइल और फैशन सेंस के लिए युवाओं के बीच लोकप्रिय रहे हैं। फिल्मों में उनके हेयरस्टाइल, कपड़े और डायलॉग अक्सर ट्रेंड बनते रहे हैं। अब राजनीति में आने के बाद भी उनका फैशन प्रभाव बरकरार दिखाई दे रहा है।

तमिलनाडु के कई शहरों में कपड़ों की दुकानों और रेडीमेड ब्रांड्स ने “सीएम विजय लुक” नाम से विशेष कॉम्बो पैक लॉन्च किए हैं। इस पैक में काली पैंट, सफेद शर्ट, काला कोट और काले जूते शामिल हैं। इसकी कीमत करीब 4,000 रुपये रखी गई है। दुकानदारों के अनुसार, कॉलेज छात्रों, युवाओं और राजनीतिक कार्यकर्ताओं में इस स्टाइल की सबसे ज्यादा मांग देखी जा रही है।

फैशन विशेषज्ञों का कहना है कि विजय का यह लुक पारंपरिक राजनीतिक परिधान से अलग है। उनका सादा लेकिन आकर्षक पहनावा उन्हें आधुनिक और पेशेवर नेता की छवि देता है। यही कारण है कि यह स्टाइल अब केवल राजनीतिक समर्थकों तक सीमित नहीं रह गया, बल्कि आम युवाओं के बीच भी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में “सीएम विजय लुक” तमिलनाडु ही नहीं, बल्कि दक्षिण भारत के अन्य राज्यों में भी फैशन ट्रेंड के रूप में उभर सकता है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Share this story