तमिलनाडु के 52 मंदिरों में कैमरे वाले मोबाइल फोन पर लगा प्रतिबंध

WhatsApp Channel Join Now

चेन्नई, 01 सितंबर (हि.स.)। तमिलनाडु की सी. जोसेफ विजय की सरकार ने मंगलवार से राज्य के 52 बड़े मंदिरों में श्रद्धालुओं के कैमरे वाले मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। सरकार ने यह कदम मंदिरों की पवित्रता और आध्यात्मिक माहौल को बनाए रखने के लिए उठाया है। राज्य के हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग ने आदेश में स्पष्ट किया कि यह प्रतिबंध सिर्फ कैमरे वाले मोबाइल फोन पर लागू होगी। श्रद्धालुओं को बिना कैमरे वाले साधारण मोबाइल फोन मंदिर परिसर में बिना किसी रोक-टोक के ले जाने की अनुमति होगी। यह फैसला इसलिए लिया गया है क्योंकि शिकायतें मिल रही थीं कि मंदिरों में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर पाबंदी के बावजूद लोग अंदर फोटो, वीडियो, सेल्फी और सोशल मीडिया रील बना रहे थे। इस फैसले के बाद चेन्नई और उसके आसपास के क्षेत्रों में वडापलानी मुरुगन मंदिर, मायलापुर कपालेश्वर मंदिर, तिरुवल्लिकेणी पार्थसारथी मंदिर, तिरुवोत्तियूर वडिवुडैयम्मन मंदिर, तिरुवेरकाडु देवी करुमरियम्मन मंदिर, कुंद्रथूर मुरुगन मंदिर, मंगाडु कामाक्षी अम्मन मंदिर और पेरियापालयम भवानी अम्मन मंदिर सहित प्रमुख मंदिरों में भी मोबाइल फोन प्रतिबंध लागू हो गया है।इसके अलावा कांचीपुरम कामाक्षी अम्मन मंदिर, वरदराज पेरुमाल मंदिर, एकाम्बरनाथर मंदिर, तिरुवल्लूर वीरराघव मंदिर और तिरुत्तणी मुरुगन मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी इस व्यवस्था का पालन किया जा रहा है। राज्य के अन्य हिस्सों में तिरुचेंदूर, पलानी, तिरुप्परंकुंद्रम, तिरुवन्नामलाई, समयपुरम, श्रीरंगम, नेल्लैयप्पर, सुचिंद्रम, मदुरै अळगर मंदिर और रामेश्वरम सहित प्रमुख मंदिर भी इस प्रतिबंध की सूची में शामिल हैं।मोबाइल फोन प्रतिबंध के कारण श्रद्धालुओं को होने वाली असुविधा से बचाने के लिए मंदिर प्रशासन की ओर से शुल्क के आधार पर मोबाइल फोन को सुरक्षित रखने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। बड़े मंदिरों में एक ही समय में हजारों मोबाइल फोन सुरक्षित रखने के लिए लॉकर और भंडारण सुविधाएं स्थापित की गई हैं। हालांकि, त्योहारों और महत्वपूर्ण दिनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की स्थिति में यह सवाल भी उठ रहे हैं कि मोबाइल फोन सुरक्षित रखने के लिए उपलब्ध लॉकरों की क्षमता पर्याप्त होगी या नहीं। विशेष रूप से उन दिनों में, जब 50 हजार से अधिक श्रद्धालु एकत्र होते हैं, अतिरिक्त सुविधाओं की आवश्यकता पड़ सकती है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Share this story