तमिलनाडु के तिरुप्पुर में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 13 तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

-46 पुलिस टीमों ने 92 ठिकानों पर की छापेमारी, गांजा, गांजा चॉकलेट और गुटखा उत्पाद जब्त-ड्रोन से निगरानी शुरू, 71 हिस्ट्रीशीटरों की जांच में 17 गिरफ्तार

तिरुप्पुर, 11 नवंबर (हि.स.)। तमिलनाडु के तिरुप्पुर जिले में मादक पदार्थों की बिक्री और सेवन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान आरोपितों के कब्जे से गांजा, गांजा चॉकलेट और गुटखा उत्पाद बरामद किए गए। अभियान के तहत पुलिस की 46 टीमों ने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और लॉज सहित करीब 92 स्थानों पर सघन जांच की।

तिरुप्पुर की पुलिस अधीक्षक सृष्टि सिंह ने बुधवार को जिला पुलिस कार्यालय में पत्रकारों को बताया कि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने, मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने तथा आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि जिले में मादक पदार्थों से जुड़े अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब तक ऐसे करीब 143 अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। इसके अलावा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 129 के तहत निवारक बांड आदेश भी प्राप्त किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में नौ नवंबर से ड्रोन के माध्यम से निगरानी अभियान भी शुरू किया गया है। सुनसान और अंधेरे स्थानों पर जुआ खेलने तथा सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने के मामलों में 134 केस दर्ज किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि गंभीर अपराधों और हिंसक घटनाओं में शामिल 71 हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों की भी जांच की गई। इनमें से 17 लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।

सृष्टि सिंह ने आम लोगों से मादक पदार्थों की बिक्री और सेवन से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर लोग 'ड्रग फ्री तमिलनाडु' ऐप अथवा पुलिस आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 100 पर सूचना दे सकते हैं।

पुलिसकर्मियों को अतिरिक्त सुरक्षा और हथियार उपलब्ध कराने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि इसकी आवश्यकता संबंधित क्षेत्रों की परिस्थितियों के आधार पर तय की जाएगी। जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था और हथियार उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि तिरुप्पुर जिले में अब तक इस तरह की कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई है। सप्ताहांत में सशस्त्र पुलिस बल और विशेष पुलिस टीमों की ओर से मादक पदार्थों के खिलाफ नियमित जांच अभियान जारी रहेगा।---------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775157 Articles

Share this story