तमिलनाडु चुनाव : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का ईरोड-चेन्नई में रोड शो, भाजपा उम्मीदवारों के लिए मांगे वोट
चेन्नई, 19 अप्रैल (हि.स.)। तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, राज्य में राजनीतिक गतिविधियां तेज होती जा रही हैं। भीषण गर्मी के बावजूद चुनावी माहौल पूरी तरह गरमाया हुआ है और सभी प्रमुख दल के नेता अंतिम चरण में मतदाताओं को साधने में जुटे हैं।
इसी क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को ईरोड जिले के मोडक्कुरिची विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार कृतिका के समर्थन में रोड शो किया। शिवगिरि सरकारी अस्पताल से शुरू हुआ उनका रोड शो तीरन चिन्नमलाई की प्रतिमा तक चला, जहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया। रास्ते भर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ उनका स्वागत किया।
अपने संबोधन के दैरान अमित शाह ने राज्य की वर्तमान सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी के नेतृत्व में एक मजबूत गठबंधन तैयार हुआ है और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) तमिलनाडु में सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि सत्ता में आने पर राज्य की “खोई हुई प्रतिष्ठा” को वापस लाया जाएगा।
अमित शाह ने द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (द्रमुक) सरकार पर भ्रष्टाचार और परिवारवाद के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य में लंबे समय से एक ही परिवार की राजनीति हावी रही है। पहले एम. करुणानिधि, फिर उनके बेटे एमके स्टालिन और अब अगली पीढ़ी को आगे लाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान नेतृत्व का उद्देश्य केवल अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना है।
महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर भी उन्होंने विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक को द्रमुक और कांग्रेस ने पहले पारित नहीं होने दिया और महिलाओं के अधिकारों को बाधित किया।
ईरोड में कार्यक्रम के बाद अमित शाह चेन्नई पहुंचे, जहां गिंडी स्थित एक निजी होटल में उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद वे मायलापुर स्थित कपालेश्वर मंदिर में दर्शन करने गए और वहां से रोड शो की शुरुआत की। इस रोड शो में उन्होंने मायलापुर से भाजपा उम्मीदवार तमिलिसाई सौंदरराजन और अन्नाद्रमुक-भाजपा गठबंधन के अन्य उम्मीदवारों के समर्थन में वोट मांगे।
कार्यक्रम के बाद अमित शाह रात में चेन्नई हवाई अड्डे से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

