तमिलनाडु के मंत्री आधव अर्जुन और पत्नी डेजी मार्टिन ने 14 साल बाद अलग होने का लिया फैसला

WhatsApp Channel Join Now
तमिलनाडु के मंत्री आधव अर्जुन और पत्नी डेजी मार्टिन ने 14 साल बाद अलग होने का लिया फैसला


-इंस्टाग्राम पर बयान जारी कर डेजी ने दी जानकारी, आपसी सहमति से वैवाहिक संबंध समाप्त करने का निर्णय

चेन्नई, 16 नवंबर (हि.स.)। तमिलनाडु के लोक निर्माण एवं खेल मंत्री आधव अर्जुन और उनकी पत्नी डेजी मार्टिन ने 14 साल के वैवाहिक जीवन के बाद अलग होने का फैसला किया है। दोनों ने आपसी सहमति से अपने वैवाहिक संबंध समाप्त कर अलग-अलग रास्तों पर आगे बढ़ने का निर्णय लिया है। डेजी मार्टिन ने सोमवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर बयान जारी कर इसकी जानकारी दी।

डेजी ने अपने बयान में पिछले 14 वर्षों के साझा जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दौरान दोनों ने मित्र, जीवनसाथी और माता-पिता के रूप में कई महत्वपूर्ण पड़ाव साथ तय किए। आपसी प्रेम और समझ के साथ बिताए इन वर्षों के बाद अब दोनों ने सहमति से अलग होने का निर्णय लिया है।

डेजी मार्टिन ने स्पष्ट किया कि वैवाहिक संबंध समाप्त होने के बावजूद बच्चों के प्रति दोनों की जिम्मेदारियां पहले की तरह बनी रहेंगी। उन्होंने कहा कि बच्चों की खुशी, बेहतर परवरिश और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने के लिए दोनों मिलकर काम करते रहेंगे। बच्चों का पालन-पोषण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

डेजी ने आधव अर्जुन के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि उनके मन में आधव अर्जुन के प्रति हमेशा सम्मान बना रहेगा और वह उनके भविष्य के लिए शांति एवं सफलता की कामना करती हैं।

डेजी मार्टिन ने जीवन के इस निजी बदलाव के दौरान मीडिया और आम लोगों से संवेदनशीलता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस फैसले के मद्देनजर उनकी निजता का सम्मान किया जाना चाहिए।

गौरतलब है कि आधव अर्जुन तमिलनाडु के राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन में सक्रिय हैं। ऐसे में उनके वैवाहिक जीवन से जुड़ी इस घोषणा ने राजनीतिक हलकों में भी ध्यान आकर्षित किया है। हालांकि, दोनों ने अलग होने के फैसले को आपसी सहमति से लिया गया निजी निर्णय बताया है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777913 Articles

Share this story