दीपावली पर तमिलनाडु में पटाखों से 679 लोग घायल, 569 को अस्पताल से मिली छुट्टी

WhatsApp Channel Join Now

-अग्निशमन विभाग को मिलीं 91 आपातकालीन कॉल

चेन्नई, 09 नवंबर (हि.स.)। तमिलनाडु में दीपावली के जश्न के दौरान पटाखे फोड़ने से हुए हादसों में 679 लोग घायल हो गए। इनमें से 569 लोगों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि 110 लोगों का विभिन्न अस्पतालों में अब भी इलाज चल रहा है। दीपावली के अवसर पर राज्यभर में हुई दुर्घटनाओं के संबंध में तमिलनाडु अग्निशमन एवं बचाव सेवा विभाग (टीएनएफआरएस) को कुल 91 आपातकालीन कॉल प्राप्त हुईं।

विभाग के अनुसार, पटाखों से संबंधित दुर्घटनाओं को लेकर 54 आपातकालीन कॉल आईं, जबकि आग लगने की अन्य घटनाओं के संबंध में 37 कॉल प्राप्त हुईं। इस प्रकार दीपावली के दिन विभाग को कुल 91 आपातकालीन कॉल पर कार्रवाई करनी पड़ी।

सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पटाखों से हुए हादसों में घायल 679 लोगों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार किया गया। इनमें से 569 लोगों की स्थिति में सुधार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि शेष 110 लोग अभी भी उपचाराधीन हैं।

उल्लेखनीय है कि दीपावली के दौरान पटाखे फोड़ने से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सरकार और प्रशासन की ओर से हर साल सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए जाते हैं। इसके बावजूद त्योहार के दौरान पटाखों से आग लगने और लोगों के घायल होने की घटनाएं सामने आती रहती हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774316 Articles

Share this story