तमिलनाडु में जेल से फरार 17 कैदियों में से 13 गिरफ्तार, चार की तलाश जारी

WhatsApp Channel Join Now
तमिलनाडु में जेल से फरार 17 कैदियों में से 13 गिरफ्तार, चार की तलाश जारी


- ड्रोन की मदद से जंगल में छिपे आठ कैदियों को पकड़ा, नौ जेल सुरक्षाकर्मी निलंबित

थेनी, 27 अक्टूबर (हि.स.)। तमिलनाडु के थेनी जिले की थेक्कमपट्टी जेल से सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर फरार हुए 17 कैदियों में से 13 को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को विशेष पुलिस टीमों ने ड्रोन की मदद से जंगल में छिपे आठ और कैदियों को पकड़ लिया। इससे पहले पांच कैदियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। शेष चार कैदियों की तलाश में पुलिस का अभियान जारी है। इस बीच जेल से कैदियों के फरार होने के मामले में नौ सुरक्षाकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

थेनी जिले के अंडिपट्टी के पास स्थित थेक्कमपट्टी जेल में सोमवार रात एक कैदी ने मिर्गी का दौरा पड़ने का नाटक कर सुरक्षाकर्मियों का ध्यान भटकाया। इसी दौरान कैदियों ने सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर दिया और जेल की सुरक्षा व्यवस्था को तोड़ते हुए 17 कैदी फरार हो गए। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

फरार कैदियों की गिरफ्तारी के लिए थेनी जिला पुलिस ने तत्काल 17 विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस ने केरल सहित पड़ोसी राज्यों की सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ाने के साथ वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी, जिससे कि कैदी जिले से बाहर न भाग सकें। तलाशी अभियान के शुरुआती चरण में पांच कैदियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस को आशंका थी कि कुछ कैदी जेल के आसपास के जंगलों में छिपे हो सकते हैं। इसके बाद विशेष टीमों ने ड्रोन कैमरों की मदद से जंगलों में तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान ड्रोन कैमरे में जंगल के एक संकरे रास्ते से आठ कैदी एक के पीछे एक जाते दिखाई दिए। उनकी गतिविधियों का पता चलते ही पुलिस टीमों ने जंगल में प्रवेश किया और हथियारों के बल पर घेराबंदी कर सभी आठ कैदियों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार कैदियों को वापस जेल ले जाया गया है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब शेष चार फरार कैदियों की तलाश में जुटी है। सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ जंगलों और संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, थेनी उप-जेल में चार ब्लॉक हैं, जिनमें कुल 30 कैदियों को रखा गया था। इनमें से 17 कैदी सोमवार रात तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था को भेदकर फरार हो गए। फरार कैदियों में एक दिव्यांग भी शामिल है, जिसके जेल से भागने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

घटना के बाद जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। लापरवाही के मामले में नौ जेल सुरक्षाकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, जेल विभाग के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) संदीप राय राठौर ने जेल पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767860 Articles

Share this story