तृणमूल कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यसमिति में बड़े संगठनात्मक बदलाव, कई पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल

WhatsApp Channel Join Now
तृणमूल कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यसमिति में बड़े संगठनात्मक बदलाव, कई पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल


कोलकाता, 05 जून (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में पार्टी संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। पार्टी नेता कल्याण बनर्जी ने शुक्रवार शाम बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए संगठनात्मक ढांचे में बड़े स्तर पर बदलाव की घोषणा की।

निर्णयों के अनुसार अभिषेक बनर्जी को राष्ट्रीय महासचिव के रूप में सहयोग देने के लिए डेरेक ओब्रायन और डोला सेन को संयुक्त महासचिव नियुक्त किया गया है। साथ ही विभिन्न राज्यों में राज्य स्तर से प्राप्त सुझावों के आधार पर वहां नई समितियों का गठन किया जाएगा।

पश्चिम बंगाल प्रदेश अध्यक्ष सुब्रत बक्शी के अस्वस्थ होने के कारण उनके स्थान पर चंद्रिमा भट्टाचार्य को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं सजदा अहमद, नैना बनर्जी सहित कुछ अन्य नेताओं को उपाध्यक्ष बनाया गया है।

युवा तृणमूल कांग्रेस की कमान सायोनी घोष को सौंपी गई है। महिला संगठन का नेतृत्व माला राय को दिया गया है, जबकि छात्र संगठन की जिम्मेदारी प्रियंका अधिकारी को दी गई है।

पार्टी की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि डेरेक ओब्रायन और कल्याण बनर्जी राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में कार्य करेंगे, जबकि कुणाल घोष को प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अतिरिक्त संगठनात्मक ढांचे में अन्य प्रमुख जिम्मेदारियां भी तय की गई हैं। इनमें मलय घटक को श्रमिक संगठन का प्रदेश अध्यक्ष, मदन मित्र को हॉकर संगठन का प्रभारी तथा विमान बनर्जी को विधि प्रकोष्ठ का प्रभारी बनाया गया है। पार्टी नेतृत्व ने यह भी निर्णय लिया है कि जिलाध्यक्षों के चयन की जिम्मेदारी पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी के पास रहेगी।----------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story