झारखंड वायु एम्बुलेंस दुर्घटना : तृणमूल ने निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड वायु एम्बुलेंस दुर्घटना : तृणमूल ने निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की


कोलकाता, 24 फरवरी (हि.स.)। झारखंड के चतरा जिले में वायु एम्बुलेंस दुर्घटना में सात लोगों की मौत पर पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है।

तृणमूल कांग्रेस ने मंगलवार को सोशल मीडिया के जरिए बयान जारी जारी कर कहा कि झारखंड के चतरा जिले में वायु एम्बुलेंस की दुखद दुर्घटना, जिसमें सात लोगों की जान चली गई, अत्यंत पीड़ादायक है। पार्टी ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इस दुख की घड़ी में उनके साथ एकजुटता जताई।

पार्टी ने संबंधित अधिकारियों से आग्रह किया कि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए व्यापक, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुदृढ़ सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।

उल्लेखनीय है कि बीचक्राफ्ट सी 90 वायु एम्बुलेंस, जिसका संचालन रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा था, सोमवार शाम रांची से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद झारखंड के चतरा जिले के बरियातू पंचायत क्षेत्र में यह विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी सात लोगों की मृत्यु हो गई। विमान ने रांची हवाई अड्डे से शाम 7:11 बजे उड़ान भरी थी और लगभग 7:30 बजे लापता हो गया। प्रस्थान के करीब 20 मिनट बाद वायु यातायात नियंत्रण से उसका संपर्क टूट गया।

रांची हवाई अड्डे के निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि खराब मौसम दुर्घटना का एक संभावित कारण हो सकता है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

-----

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Share this story