घाना के उच्चायुक्त ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री से की मुलाकात, द्विपक्षीय सहयोग को मज़बूत करने पर दिया ज़ोर

WhatsApp Channel Join Now
घाना के उच्चायुक्त ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री से की मुलाकात, द्विपक्षीय सहयोग को मज़बूत करने पर दिया ज़ोर


घाना के उच्चायुक्त ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री से की मुलाकात, द्विपक्षीय सहयोग को मज़बूत करने पर दिया ज़ोर


हैदराबाद, 08 अप्रैल (हि.स.)। हैदराबाद में बुधवार को भारत में घाना के उच्चायुक्त प्रो. क्वासी ओबिरी-डांसो ने जुबली हिल्स स्थित मुख्यमंत्री आवास पर ए. रेवंत रेड्डी से शिष्टाचार भेंट की। उच्चायुक्त के रूप में पदभार संभालने के बाद यह उनकी पहली हैदराबाद यात्रा रही।

बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने आपसी सहयोग को मजबूत करने और द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा की। उच्चायुक्त ने विशेष रूप से शिक्षा, खनन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य और व्यापार जैसे क्षेत्रों में घाना और तेलंगाना के बीच संबंधों को और सुदृढ़ करने में गहरी रुचि जताई।

घाना ने दवाइयों, कृषि और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई है। बातचीत के दौरान चिकित्सा क्षेत्र को विशेष प्राथमिकता दी गई।

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भी सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि राज्य सरकार सहयोग को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।

इसी कड़ी में सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड (एससीसीएल) घाना में सोना, बॉक्साइट और लिथियम जैसे महत्वपूर्ण खनिजों के खनन की संभावनाएं तलाश रही है, जो भविष्य में आर्थिक सहयोग को नई दिशा दे सकता है।

उल्लेखनीय है कि हैदराबाद की उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध हैं, जहां समय-समय पर घाना के नागरिक इलाज के लिए आते हैं। साथ ही, बड़ी संख्या में घाना के छात्र यहां शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।

जानकारों का मानना है कि इस बैठक के बाद दोनों पक्षों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में ठोस पहल देखने को मिल सकती है। यह बैठक दोनों क्षेत्रों के बीच आर्थिक, शैक्षणिक और तकनीकी सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Share this story