प्रसिद्ध पंडवानी गायिका तीजनबाई की तबीयत बिगड़ी, रायपुर एम्स में भर्ती

WhatsApp Channel Join Now
प्रसिद्ध पंडवानी गायिका तीजनबाई की तबीयत बिगड़ी, रायपुर एम्स में भर्ती


रायपुर, 28 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की विश्वविख्यात पंडवानी गायिका डॉ. तीजन बाई की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रायपुर एम्स के मेडिकल इंटेंसिव केयर यूनिट में भर्ती कराया गया है। उन्हें सांस लेने में गंभीर तकलीफ, निमोनिया, डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) और लो ब्लड प्रेशर (कम रक्तचाप) की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया।

एम्स के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. देवेंद्र त्रिपाठी ने आज बताया कि तीजनबाई को ट्रॉमा एवं इमरजेंसी विभाग में लाया गया। इसके बाद में उन्हें मेडिकल इंटेसिव केयर यूनिट में इलाज के लिए शिफ्ट किया गया है। उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। तीजनबाई का प्रारंभिक इलाज ट्रॉमा यूनिट में डॉ. नमन द्वारा किया गया। इसके बाद जनरल मेडिसिन में प्रो. डॉ. प्रीतम वासनिक की देखरेख में उन्हें भर्ती किया गया है। अभी मेडिकल इंटेसिव केयर यूनिट में भेजा गया है। इसमें मेडिसिन विभाग से डॉ. प्रणिता, पल्मोनरी मेडिसिन से डॉ. रंगनाथन एवं किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. नीलम उनके इलाज के लिए गठित चिकित्सकीय दल में शामिल हैं।

तीजन बाई की बहू वेणु देशमुख के अनुसार, डॉक्टरों द्वारा त्वरित इलाज (इमरजेंसी ट्रीटमेंट) दिए जाने के बाद तीजन बाई की स्थिति में अब पहले से सुधार है और वे फिलहाल खतरे से बाहर हैं। एम्स प्रबंधन द्वारा जारी मीडिया बुलेटिन के अनुसार, उन्हें गंभीर स्थिति में ट्रॉमा एवं इमरजेंसी विभाग में लाया गया था, जहां से उन्हें एमआईसीयू में शिफ्ट कर उपचार दिया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि पद्म विभूषण तीजन बाई ने अपनी अनूठी कपालिक शैली में महाभारत की कथाओं (पंडवानी) को देश और दुनिया भर में पहचान दिलाई है। उनकी उम्र और कमजोरी को देखते हुए प्रशंसक और परिवार उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ सरकार उनके इलाज पर पूरी नजर रखे हुए है।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने पूर्व में भी उनके घर जाकर 5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की थी और उनके घरेलू इलाज के लिए मेडिकल ऑफिसर और फिजियोथेरेपिस्ट की ड्यूटी लगाई थी।

__________________

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Share this story