राष्ट्रपति के रांची आगमन पर सुरक्षा के रहेंगे पुख्ता इंतजाम, हाई अलर्ट पर पुलिस
रांची, 27 दिसंबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगामी रांची दौरे को लेकर सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां पूरी तरह से मुकम्मल कर ली गई हैं। राष्ट्रपति 28 से 30 दिसंबर तक झारखंड के दौरे पर रहेंगी, जिसके लिए रांची में हाई अलर्ट घोषित किया गया है और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देने के लिए रांची जोनल आईजी मनोज कौशिक और एसएसपी राकेश रंजन ने शनिवार को बड़ी संख्या में तैनात किए गए जवानों की ब्रीफिंग की। ब्रीफिंग के दौरान, जवानों को उनकी जिम्मेदारियां, राष्ट्रपति के रूट और सुरक्षा प्रोटोकॉल से जुड़ी बारीक जानकारियां दी गईं।
यह सुनिश्चित किया गया कि सुरक्षा में किसी भी तरह की कोई चूक न हो। सुरक्षा के दृष्टिकोण से, सड़क के सभी प्रमुख चौराहों और कट्स पर पुलिसकर्मी वायरलेस सेट के साथ मुस्तैद रहेंगे।
28 दिसंबर की शाम रांची में आगमन
28 दिसंबर को राष्ट्रपति गोवा से उड़ान भरेंगी। उनका विशेष विमान रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर 28 दिसंबर की शाम करीब 6 बजे लैंड करेगा। एयरपोर्ट पर स्वागत और गार्ड ऑफ ऑनर के बाद शाम करीब 6.30 बजे लोकभवन पहुंचेंगी। लोकभवन में डिनर के बाद रात्रि विश्राम करेंगी। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर रांची एयरपोर्ट से हीनू चौक, बिरसा चौक, अरगोड़ा चौक, हरमू चौक, सहजानंद चौक और किशोरगंज चौक होते हुए लोकभवन वाले रास्ते के दोनों ओर बैरिकेडिंग लगा दी गई है।
राष्ट्रपति का 29 दिसंबर का शिड्यूल
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 29 दिसंबर की सुबह करीब 9.30 बजे लोकभवन से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगी और सीधे जमशेदपुर के लिए उड़ान भरेंगी। जमशेदपुर स्थित सोनारी एयरपोर्ट पर लैंड करने के बाद सड़क मार्ग से सुबह करीब 10.45 बजे करनडीह स्थित दिशोम जाहेर स्थान पहुंचकर पूजा अर्चना करेंगी। यहां पंडित रघुनाथ मुर्मू की प्रतिमा पर माल्यार्पण और संथाली भाषा की लिपि ओलचिकी के शताब्दी समारोह में शिरकत करेंगी। कार्यक्रम के दौरान ऑल इंडिया संथाली राइटर्स एसोसिएशन के चेयरमैन जिरेन जेवियर टोपनो स्वागत भाषण देंगे।
इस दौरान राष्ट्रपति 12 लोगों को पुरस्कार देंगी। कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद करीब 12 बजे जमशेदपुर स्थिति सर्किट हाउस जाएंगी। यहां से करीब 2 बजे एनआईटी, जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में शिरकत करने के लिए पहुंचेंगी। यहां एनआईटी के डायरेक्टर प्रो गौतम सूत्रधार स्वागत भाषण देंगे। छात्रों को सम्मानित करने के बाद राष्ट्रपति का संबोधन होगा। कार्यक्रम के समापन के बाद करीब 4.30 बजे रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगी और लोकभवन के लिए प्रस्थान करेंगी।
राष्ट्रपति का 30 दिसंबर का शिड्यूल
30 दिसंबर को रांची स्थित लोकभवन से सुबह करीब पौने दस बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगी। यहां से उनका विमान छत्तीसगढ़ के जसपुर में लैंड करेगा। वहां से सड़क मार्ग से करीब 20-25 किमी की दूरी तय कर गुमला में रायडीह के माझाटोली स्थित पंखराज साहेब कार्तिक उरांव चौक पहुंचेंगी। यहां स्व कार्तिक उरांव की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद अंतरराज्यीय जनसंस्कृति समागम समारोह कार्तिक जतरा में शिरकत करेंगी।
समारोह में कमेटी के चेयरमैन शिवशंकर उरांव स्वागत भाषण देंगे। यहां ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का भाषण होगा। अंत में करीब 12 बजे राष्ट्रपति का संबोधन होगा। कार्यक्रम के बाद जसपुर से उड़ान भरकर करीब 2.45 बजे रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचकर दिल्ली रवाना हो जाएंगी।
राष्ट्रपति की सुरक्षा को लेकर 14 आईपीएस, 75 डीएसपी सहित 3000 फोर्स की तैनाती की गई है। झारखंड पुलिस के आईजी अभियान सह पुलिस प्रवक्ता डॉ माइकल राज ने बताया कि राष्ट्रपति का तीन दिवसीय दौरा 28 दिसम्बर से शुरू हो रहा है। इसे देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। राष्ट्रपति के तीन दिवसीय दौरे को देखते हुए विशेष अलर्ट जारी किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

