तिब्बत में एक घंटे के भीतर 3.6 और 3.1 तीव्रता के दो भूकंप

WhatsApp Channel Join Now
तिब्बत में एक घंटे के भीतर 3.6 और 3.1 तीव्रता के दो भूकंप


नई दिल्ली, 03 अक्टूबर (हि.स.)। नेपाल के पास तिब्बत में शनिवार सुबह करीब एक घंटे के भीतर दो भूकंप दर्ज किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (एनसीएस ) के अनुसार, दोनों भूकंपों की तीव्रता 3.6 और 3.1 रही। भूकंपीय गतिविधि हिमालय के संवेदनशील क्षेत्र में दर्ज की गई।

मीडिया रिपाेर्टस में एनसीएस के हवाले से बताया गया है कि पहला भूकंप सुबह 6:00 बजे IST पर आया। इसकी तीव्रता 3.6 थी और इसका केंद्र जमीन से करीब 15 किलोमीटर नीचे था। भूकंप का स्थान 29.623° उत्तरी अक्षांश और 92.503° पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया। इसके करीब 55 मिनट बाद सुबह 6:55 बजे IST पर 3.1 तीव्रता का दूसरा भूकंप आया। इसका केंद्र करीब 14 किलोमीटर की गहराई में था और इसके निर्देशांक 28.459° उत्तरी अक्षांश और 92.196° पूर्वी देशांतर दर्ज किए गए।

दोनों भूकंप तिब्बत क्षेत्र में आए, जो हिमालयी भूकंपीय क्षेत्र का हिस्सा है। फिलहाल इन झटकों से किसी बड़े नुकसान या जनहानि की जानकारी सामने नहीं आई है।

दोनों भूकंप ऐसे समय आए हैं जब नेपाल हाल के दिनों में बाढ़ और भूस्खलन समेत कई प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित हुआ है। अगस्त में नेपाल-चीन सीमा के पास हिमस्खलन और चट्टानों के खिसकने के बाद अचानक आई बाढ़ से भोटे कोशी नदी का जलस्तर बढ़ गया था। इससे घरों, सड़कों, पुलों और जलविद्युत परियोजनाओं को नुकसान पहुंचा था।

वहीं, नेपाल रेड क्रॉस सोसाइटी की एक अक्टूबर की स्थिति रिपोर्ट के अनुसार, 24 से 27 सितंबर के बीच लगातार बारिश के कारण कई प्रांतों में बाढ़, भूस्खलन और जलभराव की स्थिति बनी। इन घटनाओं में 30 लोगों की मौत, 15 लोगों के घायल होने और तीन लोगों के लापता होने की जानकारी दी गई। करीब 2,000 परिवार प्रभावित हुए थे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Share this story