कावेरी वन्यजीव अभयारण्य में गोलीबारी, तीन लोगों की मौत, मजिस्ट्रेट जांच के आदेश

WhatsApp Channel Join Now
कावेरी वन्यजीव अभयारण्य में गोलीबारी, तीन लोगों की मौत, मजिस्ट्रेट जांच के आदेश


चामराजनगर, 15 अगस्त (हि.स.)। कर्नाटक के चामराजनगर जिले में कावेरी वन्यजीव अभयारण्य के हनूर तालुक स्थित शाग्य वन क्षेत्र में शनिवार तड़के वनकर्मियों और कथित शिकारियों के बीच हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव पैदा हो गया। मृतकों की पहचान अंतोणिस्वामी, पीटर और कुमार के रूप में हुई है। गोलीबारी में एक वनकर्मी भी घायल हुआ है, जिसका कोल्लेगाल सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

वन विभाग के अनुसार, वन्यजीवों के शिकार के लिए कुछ लोगों के जंगल में प्रवेश करने की पुख्ता सूचना मिली थी। इसके बाद वनकर्मियों ने शाग्य वन क्षेत्र में अभियान चलाया। विभाग का दावा है कि अभियान के दौरान कथित शिकारियों ने वनकर्मियों पर गोली चलाने का प्रयास किया, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई की गई। इसी दौरान तीन लोगों की गोली लगने से मौत हो गई।

तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मैसूरु के के.आर. अस्पताल भेजा गया है। वन विभाग के सूत्रों के मुताबिक, अभियान के दौरान एक देशी बंदूक और हिरण का शव भी बरामद किया गया है।

ग्रामीणों ने वन विभाग पर लगाए गंभीर आरोप

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि मारे गए तीनों लोग शिकारी नहीं, बल्कि किसान थे। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि वनकर्मियों ने उन्हें पहले हिरासत में लिया और बाद में नजदीक से गोली मार दी।

आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने शाग्य स्थित उपक्षेत्रीय वन अधिकारी के कार्यालय में प्रवेश कर फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

मजिस्ट्रेट स्तर की जांच के आदेश

बेंगलुरु में घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कहा कि सरकार को मामले की पूरी जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि वन क्षेत्र में हुई गोलीबारी की घटना की मजिस्ट्रेट स्तर पर जांच के आदेश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना से संबंधित हथियार समेत आवश्यक सामग्री जब्त की गई है। जांच पूरी होने के बाद मामले की वास्तविकता राज्य की जनता के सामने रखी जाएगी।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश एम.बी.

Share this story