गुवाहाटी में व्यापक स्तर पर जलभराव के बीच आज 3 शव बरामद, अब तक 4 लोगों के शव मिले

WhatsApp Channel Join Now
गुवाहाटी में व्यापक स्तर पर जलभराव के बीच आज 3 शव बरामद, अब तक 4 लोगों के शव मिले


गुवाहाटी, 21 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी गुवाहाटी में एक दिन की मूसलाधार बरसात के चलते व्यापक स्तर पर जलभराव के बीच मंगलवार को 3 शव बरामद हुए हैं। इसके साथ ही एक दिन की बरसात के कारण गुवाहाटी के अलग-अलग हिस्सों से मिले कुल शवों की संख्या 4 हो गई है।

जानकारी के अनुसार, आज सुबह साउकुची में राजधानी के हाथीगांव के नटबोमा क्षेत्र निवासी आख्तर अली का शव वशिष्ठ नदी से बरामद हुआ था। इसी बीच दूसरा शव ज्योतिकुची इलाके में मरा भरलु नदी में बरामद हुआ। जिसकी पहचान राजधानी के दातालपारा निवासी असीम कलिता के रूप में हुई है। जबकि, तीसरा शव पामही के लाचितगढ़ में माधुर्य राभा के घर के पास बरामद हुआ। अंतिम सूचना मिलने तक शव की पहचान नहीं हो पायी थी।

इसी तरह राजधानी के मालीगांव इलाके में 19 अप्रैल को भारी बरसात और व्यापक स्तर पर जलभराव के बीच पायल नाथ नामक महिला नाले में डूब गयी। महिला का शव 20 अप्रैल की सुबह नाले से बरामद किया गया।

बीते 19 अप्रैल को हुई मूसलाधार बरसात के बाद गुवाहाटी में व्यापक स्तर पर जलभराव के चलते फुटपाथ पर खुले मेनहोल में डूबने से मौत हुई।मामले की जांच जारी है। पुलिस टीम और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंच कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए गुवाहाटी मेडिकल कालेज एंड अस्पताल (जीएमसीएच) भेज दिया।

एक दिन की बरसात में 4 लोगों की मौत ने प्रशासन की तैयारियों की पोल खोल दी है। इन घटनाओं को लेकर राजनीतिक दलों के साथ अन्य संगठनों ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसके लिए दोषी लोगों की पहचान कर उन्हें दंडित करने की मांग की है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Share this story