66.50 लाख जब्त रुपए मामले में दो महिला सहित तीन आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
66.50 लाख जब्त रुपए मामले में दो महिला सहित तीन आरोपित गिरफ्तार


डेहरी आन सोन, 1 नवंबर (हि.स )। रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र के टोल प्लाजा के समीप वाहन जांच अभियान के दौरान की गई कार्रवाई में 66 लाख 50 हजार रुपये नकद जब्त करते हुए दो महिला सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने काले रंग की एक्सयूवी-300 कार से भारी मात्रा में नकदी बरामद की। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार शनिवार की रात शिवसागर थानाध्यक्ष रितेश कुमार सिंह को सूचना मिली कि वाराणसी की ओर से आ रही काले रंग की एक्सयूवी-300 कार (रजिस्ट्रेशन नंबर BR-24AL-9617) में भारी मात्रा में नकद राशि ले जाई जा रही है। सूचना पर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर एनएच-19 स्थित शिवसागर टोल टैक्स के पास वाहन जांच शुरू की।

रात करीब 9 बजे संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक ने भागने की कोशिश की लेकिन टीम ने पीछा कर वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार में चालक के साथ बैठी दो महिलाओं के पास से नकदी बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान चंदन कुमार की पत्नी ज्योति कुमारी (30), परमानंद सोनी की पत्नी पूनम कुमारी (34) और गोपाल प्रसाद के पुत्र चंदन कुमार (32) तीनों निवासी नवरत्न बाजार सासाराम, जिला रोहतास के रूप में हुई है।

एसडीपीओ एक विप्लव कुमार ने बताया कि तलाशी में चालक चंदन कुमार के सीट कवर के नीचे से 4.50 लाख रुपये, ज्योति कुमारी के बदन में छिपाकर रखे 26 लाख रुपये और पूनम कुमारी के पास से 36 लाख रुपये बरामद किए गए। इस प्रकार कुल 66.50 लाख रुपये नकद जब्त किए गए। इसके अलावा कार और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि बरामद नकदी के संबंध में संतोषजनक कागजात प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके बाद संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई जा रही थी और इसका उद्देश्य क्या था। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

डीएसपी ने बताया कि जब्त रूपया मामले टीम में थानाध्यक्ष रितेश कुमार सिंह , पुलिस अवर निरीक्षक विनोद यादव , सतीश सिंह , धर्मेंद्र कुमार , जया भारती एवं थाने के पुलिस जवान शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770639 Articles

Share this story