पंजाब के मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ को बम से उड़ाने की धमकी मिली

WhatsApp Channel Join Now
पंजाब के मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ को बम से उड़ाने की धमकी मिली


- मुख्यमंत्री कार्यालय, भाजपा कार्यालयों समेत संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा बढ़ाई गई

चंडीगढ़, 13 मई (हि.स.)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ को जान से मारने और बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह ई-मेल मिलने के बाद पंजाब और दिल्ली की सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं।

पंजाब सरकार और प्रशासन को भेजे गए ई-मेल में लिखा गया है कि पंजाब मुख्यमंत्री कार्यालय और भाजपा कार्यालयों में बम धमाके किए जाएंगे। ई-मेल में भगवंत मान और सुनील जाखड़ को “सिखों का दुश्मन” बताया गया है।

ई-मेल में दावा किया गया है कि पंजाब मुख्यमंत्री ऑफिस में दोपहर 1 बजकर 11 मिनट पर धमाका किया जाएगा और पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की तरह हमला करने की धमकी दी गई है। इसके अलावा पंजाब और दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालयों में रात 9 बजकर 11 मिनट पर बम धमाके करने की बात भी लिखी गई है।

धमकी भरे ई-मेल में यह भी कहा गया है कि सुनील जाखड़ को 6 जून तक निशाना बनाया जाएगा। साथ ही ई-मेल में उनके पिता और पूर्व लोकसभा स्पीकर बलराम जाखड़ का भी जिक्र किया गया है।

धमकी मिलने के बाद पुलिस, खुफिया एजेंसियों और सुरक्षा बलों ने मुख्यमंत्री कार्यालय समेत संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी है। भाजपा कार्यालयों पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

फिलहाल एजेंसियां ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हैं और पूरे मामले की जांच जारी है।

-----------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

Share this story