अमीषा पटेल की मां के घर चोरी, घरेलू सहायिका गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
अमीषा पटेल की मां के घर चोरी, घरेलू सहायिका गिरफ्तार


अभिनेत्री अमीषा पटेल की मां आशा पटेल के मरीन ड्राइव स्थित घर से 5 लाख रुपये कीमत के हीरे जड़ित सोने के कंगन की चोरी के मामले में पुलिस ने विरार की रहने वाली 40 वर्षीय घरेलू सहायिका सीमा विनोद घाटे को गिरफ्तार किया है। उनके घर से जनवरी में कंगन चोरी हुआ था। आशा पटेल को पिछले करीब डेढ़ साल से उनके घर पर काम कर रही सीमा पर शक था।

आशा पटेल ने पुलिस में शिकायत करने से पहले करीब पांच से छह महीने तक सीमा से चोरी स्वीकार करने और कंगन वापस करने के लिए कहा। हालांकि, सीमा लगातार चोरी के आरोप से इनकार करती रही। इसके बाद आशा ने मरीन ड्राइव पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने शुरुआत में भारतीय न्याय संहिता की धारा 306 के तहत अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया और जांच के दौरान क्राइम डिटेक्शन टीम ने उसे विरार से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद सीमा घाटे को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 15 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस फिलहाल चोरी हुए कंगन की बरामदगी के लिए आरोपी से पूछताछ कर रही है। कंगन अभी तक बरामद नहीं हुआ है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसे कहां रखा गया है। इस घटना से एक बात साफ है कि घर में नौकर रखते वक्त उनकी सही जांच-पड़ताल (पुलिस वेरिफिकेशन) कराना कितना जरूरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Share this story