योगी सरकार की पहल से किसानों-बागवानों को मिलेगी बड़ी राहत, उद्यान भवन में खुला कॉमन सर्विस सेंटर
एक ही परिसर में सरकारी योजनाओं के ऑनलाइन आवेदन और दस्तावेज अपलोड करने की मिलेगी सुविधा
बागवानी और खाद्य प्रसंस्करण योजनाओं का लाभ लेना होगा आसान, समय और श्रम की होगी बचत
लखनऊ, 19 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के लिए डिजिटल सुविधाओं का विस्तार कर रही है। इसी क्रम में किसानों, बागवानों, खाद्य प्रसंस्करण उद्यमियों और आम नागरिकों की सुविधा के लिए उद्यान भवन परिसर में कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) की शुरुआत की गई है। यहां विभिन्न शासकीय योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेज अपलोड करने और आवेदन संबंधी तकनीकी सहायता एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी अथवा तकनीकी सुविधा के अभाव में सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। किसानों, बागवानों और उद्यमियों को योजनाओं की जानकारी और आवेदन के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े, इसी उद्देश्य से यह सुविधा शुरू की गई है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल सेवाएं शासन और जनता के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन रही हैं। कॉमन सर्विस सेंटर के जरिए विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों और छोटे उद्यमियों को ऑनलाइन आवेदन करने, आवश्यक अभिलेख अपलोड करने और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने में मदद मिलेगी। इससे उनका समय और श्रम बचेगा तथा आवेदन प्रक्रिया अधिक सुगम बनेगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बागवानी विकास और खाद्य प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनके माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने, कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन करने, उद्यमिता को प्रोत्साहित करने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर जोर दिया जा रहा है। कॉमन सर्विस सेंटर इन योजनाओं को लाभार्थियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण सेतु बनेगा।
केंद्र का उद्घाटन अध्यक्ष राजस्व परिषद एवं अपर मुख्य सचिव, उद्यान, खाद्य प्रसंस्करण एवं रेशम विभाग बीएल मीणा ने किया। केंद्र का संचालन उत्तर प्रदेश राज्य औद्यानिक सहकारी विपणन संघ (हॉफेड), लखनऊ द्वारा किया जाएगा।
इस अवसर पर हॉफेड के चेयरमैन नवलेश प्रताप सिंह, निदेशक उद्यान डॉ. भानु प्रकाश राम, संयुक्त निदेशक प्रशासन सृष्टि धवन, संयुक्त निदेशक डॉ. राजीव कुमार वर्मा एवं वीरेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सीएससी राज्य कार्यक्रम के प्रबंधक (कृषि) ओंकार सिंह त्यागी और उनकी टीम ने केंद्र के संचालन एवं उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी।

