दीवारों से उतारे बिना मिनटों में साफ होगी पर्दों की धूल, बस अपनाएं ये 4 स‍िंपल ट्रिक्स

WhatsApp Channel Join Now

घर की सफाई तो हम सभी रोजाना ही करते हैं, लेक‍िन कई बार ऐसा हो जाता है क‍ि फर्श, टेबल और खिड़कियां तो साफ हो जाती हैं, लेकिन पर्दों की सफाई रह जाती है। खासकर बड़े और लंबे पर्दों को रॉड से उतारना, फिर धोना और वापस लगाना काफी झंझट वाला काम लगता है। यही वजह है कि पर्दों पर धीरे-धीरे धूल की परत जमती जाती है।

अगर आपके घर के पर्दे भी काफी समय से साफ नहीं हुए हैं तो हर बार उन्हें उतारने की जरूरत नहीं है। रोज की या हल्की सफाई के लिए पर्दों को वहीं टंगे हुए साफ किया जा सकता है। आज हम आपको आपको अपने इस लेख में बता रहे हैं क‍ि आप बड़े और लंबे पर्दे को ब‍िना उतारे कैसे साफ कर सकती हैं? आइए जानते हैं-

घर के बड़े और भारी पर्दों की सफाई कैसे करें?

अगर आप भी हर बार झंझट वाला काम सोचकर घर के बड़े और भारी पर्दों की सफाई छोड़ देती हैं, तो अब ये आसान से स‍िंपल ट्र‍िक्‍स अपना सकती हैं।

tips to clean home curtain (2)

1. वैक्यूम क्लीनर से मिनटों में निकलेगी पर्दे की धूल

पर्दों पर जमी धूल हटाने का सबसे आसान तरीका वैक्यूम क्लीनर है। अगर आपके वैक्यूम के साथ सॉफ्ट ब्रश अटैच है तो उसे लगाकर पर्दे को ऊपर से नीचे की तरफ धीरे-धीरे साफ कर दें। पर्दे के फोल्ड, प्लीट्स और नीचे वाले हिस्से पर आपको थोड़ा ज्यादा ध्यान देना होगा, क्योंकि यहां धूल ज्यादा जमा रहती है। बहुत तेज सक्शन या जोर से नोजल दबाने से बचें, खासकर अगर पर्दा पतले कपड़े का है।

2. पर्दे की सफाई में माइक्रोफाइबर कपड़ा आएगा काम

अगर घर में वैक्यूम क्लीनर नहीं है तो आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप एक साफ माइक्रोफाइबर कपड़ा लें और उससे पर्दे को ऊपर से नीचे की तरफ पोंछ लें। बस ध्यान रखें कि कपड़े को बहुत जोर से न रगड़ें। इससे धूल पर्दे के कपड़े के अंदर चली जाएगी।

3. लंबे हैंडल वाला सॉफ्ट डस्टर इस्तेमाल करें

ऊंचे पर्दों की सफाई में लंबा सॉफ्ट डस्टर भी आपके काफी काम आ सकता है। इसे पर्दे के ऊपर से नीचे की ओर चलाना होगा। इस तरह ऊपर की धूल नीचे की तरफ आ जाएगी। पर्दे की सिलवटों और किनारों को भी अच्छी तरह साफ करें।

4. स्टीमर से पर्दे होंगे फ्रेश

अगर आपके पास गारमेंट स्टीमर है तो कुछ तरह के पर्दों को बिना उतारे इससे फ्रेश किया जा सकता है। स्टीम से कपड़े की सिलवटें कम करने में भी मदद मिलेगी, लेकिन यहां एक जरूरी बात है क‍ि हर तरह के पर्दे पर स्टीम देना सही नहीं होता है। इसल‍िए पहले पर्दे का केयर लेबल जरूर देख लें और स्टीमर को कपड़े पर एक जगह रोककर न रखें और उसे लगातार चलाती रहें।

tips to clean home curtain (1)

पर्दों की सफाई करते समय इन बातों का रखें ध्यान

अगर आप दीवार से ब‍िना उतारे पर्दे की सफाई कर रही हैं, तो कुछ बातों का ध्‍यान रखना हाेगा। जैसे-

सफाई हमेशा ऊपर से नीचे की तरफ करें।
पतले कपड़े वाले पर्दों पर बहुत ज्यादा जोर न लगाएं।
वैक्यूम करते समय सॉफ्ट ब्रश लगाएं।
स्टीम देने से पहले पर्दे का केयर लेबल पढ़ लें।
पर्दे की रॉड, रिंग और खिड़की के आसपास की धूल भी साफ करें।

Share this story