तेलंगाना विधानसभा से बीआरएस के 22 विधायक मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
तेलंगाना विधानसभा से बीआरएस के 22 विधायक मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित


हैदराबाद, 09 सितंबर (हि.स.)। तेलंगाना विधानसभा के अध्यक्ष गड्डम प्रसाद कुमार ने बुधवार को सदन की कार्यवाही में बाधा डालने के कारण भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के 22 विधायकों को मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया। निलंबित विधायकों में बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामा राव भी शामिल हैं।

बुधवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही वेल में मौजूद बीआरएस सदस्यों ने 'हमें न्याय चाहिए' जैसे नारे लगाने शुरू कर दिए। बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामा राव ने स्थगन प्रस्ताव देकर दो दिन पहले पार्टी की महिला विधायकों के खिलाफ पुलिस की कथित ज्यादती और बीआरएस प्रमुख के. चंद्रशेखर राव के निधन की कामना करने संबंधी सत्तारूढ़ कांग्रेस के कुछ सदस्यों की कथित टिप्पणियों पर चर्चा की मांग की

विधानसभा अध्यक्ष गड्डम प्रसाद कुमार, उप मुख्यमंत्री मल्लु भट्टी विक्रमार्क और विधायी मामलों के मंत्री डी. श्रीधर बाबू की बार-बार की गई अपीलों के बावजूद बीआरएस सदस्यों ने अपनी सीटों पर लौटने से इनकार कर दिया। विक्रमार्क ने कहा कि उन्होंने और अन्य कांग्रेस नेताओं ने चंद्रशेखर राव के स्वस्थ और लंबे जीवन की कामना की थी।

केटीआर के अलावा निलंबित विधायकों में अनिल जाधव, टी हरीश राव, जी जगदीश रेड्डी, गंगुला कमलाकर, कौशिक रेड्डी, माधवरम कृष्ण राव, कोवा लक्ष्मी, के माणिक राव, चिंता प्रभाकर, कोठा प्रभाकर रेड्डी, वेमुला प्रशांत रेड्डी, मारी राजशेखर रेड्डी, पल्ला राजेश्वर रेड्डी, पी सबिता इंदिरा रेड्डी, कल्वाकुंतला संजय, टी श्रीनिवास यादव, डी सुधीर रेड्डी, वी सुनीता लक्ष्मी रेड्डी, कलेरू वेंकटेश, विजेयुडू और केपी विवेकानंद शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Share this story