तेलंगाना : सिकंदराबाद में मद्रास रेजीमेंट से 12 हथियार और 1,800 से अधिक कारतूस चोरी, पूर्व हवलदार गिरफ्तार
हैदराबाद, 11 सितंबर (हि.स.)। तेलंगाना के हैदराबाद ज़िले में स्थित सिकंदराबाद के बोल्लारम स्थित 20वीं बटालियन मद्रास रेजीमेंट से 12 हथियार और 1,800 से अधिक कारतूस चोरी होने के मामले का तेलंगाना पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में रेजीमेंट के पूर्व हवलदार उप्पुथोला मल्लेश (37) को गिरफ्तार किया है। मल्लेश 30 जून को ही सेना से सेवानिवृत्त हुआ था।
तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सीवी आनंद ने बताया कि पुलिस ने चोरी किए गए सभी 12 हथियार और 1,800 से अधिक कारतूस बरामद कर लिए हैं। शुरुआती जांच में जब कोई ठोस सुराग नहीं मिला, तो खुफिया एजेंसियों ने करीब 8.5 लाख मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया। इसके अलावा मोबाइल फॉरेंसिक, सीसीटीवी फुटेज और स्निफर डॉग्स की मदद से जांच को आगे बढ़ाया गया।
जांच के दौरान मल्लेश की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। पुलिस के मुताबिक, उसे 27 से 29 अगस्त के बीच रेजीमेंट परिसर के आसपास रेकी करते हुए देखा गया था। पूछताछ के लिए बुलाए जाने के बाद उसने अपने मोबाइल फोन से कॉल रिकॉर्ड और व्हाट्सऐप हिस्ट्री डिलीट कर दी। इसके बाद पुलिस का शक उस पर और गहरा गया।
पुलिस के अनुसार, मल्लेश ने 30 अगस्त की रात रेजीमेंट परिसर में प्रवेश किया। उसने कोटे का ताला तोड़ा और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद एम्युनिशन चैंबर खोला। इसके बाद उसने वहां से हथियार और कारतूस चोरी कर लिए।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि सेवानिवृत्ति को लेकर असंतोष के कारण मल्लेश ने कथित तौर पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस मामले के अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है। इसमें संगठित अपराध और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संभावित एंगल भी शामिल हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की गई सामग्री को कहां और किस उद्देश्य से ले जाया गया था तथा क्या इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी। -----------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

