वस्त्रों के लिए पीएलआई योजना के तहत 52 नए आवेदन स्वीकृत

WhatsApp Channel Join Now
वस्त्रों के लिए पीएलआई योजना के तहत 52 नए आवेदन स्वीकृत


नई दिल्ली, 10 अप्रैल (हि.स.)। केंद्र सरकार ने वस्त्रों के लिए उत्पादन-आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के तीसरे चरण के तहत 52 नए आवेदनों को मंजूरी दी।

वस्त्र मंत्रालय के अनुसार इन 52 स्वीकृत आवेदनों में से 5 एमएमएफ परिधान के लिए, 19 एमएमएफ कपड़े के लिए, 18 तकनीकी वस्त्रों के लिए और 10 बहु-श्रेणी के लिए हैं।

मंत्रालय के मुताबिक 52 आवेदकों ने 6708 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है, जिससे 21,186 करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है। स्वीकृत प्रस्तावों से वस्त्र क्षेत्र को, विशेष रूप से मानव निर्मित फाइबर (एमएमएफ) कपड़ों, एमएमएफ परिधान और तकनीकी वस्त्रों के क्षेत्र में, महत्वपूर्ण बढ़ावा मिलने की संभावना है। ये निवेश घरेलू विनिर्माण क्षमताओं को बढ़ाएंगे, नवाचार को बढ़ावा देंगे और वैश्विक वस्त्र बाजार में भारत की स्थिति को मजबूत करेंगे।

उल्लेखनीय है कि वस्त्र उद्योग के लिए पीएलआई योजना सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य उच्च मूल्य वाले वस्त्र उत्पादन को बढ़ावा देना, निवेश आकर्षित करना और देश भर में रोजगार के अवसर पैदा करना है। वित्त वर्ष 2025-26 की तीन तिमाहियों में पीएलआई में भाग लेने वाली कंपनियों द्वारा 944.48 करोड़ रुपये का निवेश, 4,473 करोड़ रुपये का कारोबार और 363.55 करोड़ रुपये का निर्यात दर्ज किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story