भारतीय वस्त्र उद्योग की विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए गुणवत्ता पर ध्यान देना ज़रूरी : नीलम शमी राव

WhatsApp Channel Join Now
भारतीय वस्त्र उद्योग की विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए गुणवत्ता पर ध्यान देना ज़रूरी : नीलम शमी राव


नई दिल्ली, 07 अप्रैल (हि.स.)। वस्त्र मंत्रालय की सचिव नीलम शमी राव ने मंगलवार को कहा कि बेहतर गुणवत्ता, स्थिरता और नवाचार पर निरंतर ध्यान केंद्रित करके भारतीय वस्त्र उद्योग की विश्वसनीयता बढ़ाना सर्वोपरि है।

नीलम शमी राव ने यह बात आज दिल्ली में केंद्रीय बजट 2026-27 के प्रभावी कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तरी क्षेत्र के हितधारकों के साथ आयोजित एक महत्वपूर्ण परामर्श बैठक के दौरान कही।

मंत्रालय का उद्देश्य परिचालन चुनौतियों की पहचान करना और प्रस्तावित हस्तक्षेपों के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए एक सहयोगात्मक रोडमैप तैयार करना है।

शमी राव ने कहा, 2030 तक भारतीय वस्त्र उद्योग 350 अरब डॉलर तक पहुँचने के लिए तैयार है। हमारा ध्यान नवाचार, लागत प्रतिस्पर्धात्मकता और 'इंडिया हैंडमेड' ब्रांड को वैश्विक मंच पर स्थापित करने पर है।

विशेष सचिव एवं वित्तीय सलाहकार असित गोपाल ने कहा कि बजट पहलों के परिणामों को प्राप्त करने के लिए संस्थानों के बीच समन्वय और जमीनी हकीकत के आधार पर योजनाओं का समायोजन अनिवार्य है।

विकास आयुक्त (हस्तशिल्प)अमृत राज ने कहा कि प्रधानमंत्री के 'गांव को वैश्विक स्तर पर ले जाने' के विजन को पूरा करने के लिए उत्पादन, डिजाइन और लॉजिस्टिक्स की गुणवत्ता में सुधार करना होगा।

मंत्रालय का लक्ष्य विनिर्माण को बढ़ावा देना, बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन करना और भारतीय वस्त्रों की वैश्विक विश्वसनीयता को बढ़ाना है। यह पहल प्रधानमंत्री के विकसित भारत और अधिक निर्माण, अधिक निर्यात के दृष्टिकोण को गति देने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

इनमें परामर्श को विभिन्न सत्रों में विभाजित किया गया था, जिनमें कई प्राथमिक क्षेत्रों पर गहन विचार-विमर्श हुआ। इनमें एकीकृत कार्यक्रम: वस्त्र विस्तार-रोजगार योजना, टेक्स-इको पहल- मेगा टेक्सटाइल पार्क, मिशन तथा कौशल: राष्ट्रीय फाइबर मिशन, समर्थ 2.0 और राष्ट्रीय हथकरघा, हस्तशिल्प कार्यक्रम तथा महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल शामिल है।

इस बैठक में राज्य सरकारों, उद्योग निकायों, निर्यात संवर्धन परिषदों, शिक्षाविदों और पुरस्कार विजेता बुनकरों सहित 200 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story