गांदरबल में रातभर चली मुठभेड़, एक आतंकवादी मारा गया

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 01 अप्रैल (हि.स.)। सेना ने बुधवार को बताया कि जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में रात भर चली मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया है। क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर सुरक्षाबलों ने मंगलवार रात गांदरबल जिले के अरहामा इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया।

श्रीनगर स्थित चिनार कोर ने एक्स पोस्ट में बताया कि विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गांदरबल के अरहामा क्षेत्र में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। सेना ने कहा कि तलाशी के दौरान सतर्क सैनिकों ने संदिग्ध गतिविधि देखी। चुनौती मिलने पर आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी और हमारे सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई की। सेना ने लिखा कि रुक-रुक कर हो रही गोलीबारी के बीच घेराबंदी को रणनीतिक रूप से पुनर्गठित किया गया और सैनिकों ने सुनियोजित जवाबी कार्रवाई करते हुए एक आतंकवादी को मार गिराया। अधिकारियों ने बताया कि आतंकवाद विरोधी अभियान जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story