तेलंगाना में कांग्रेस-बीआरएस के बीच टकराव तेज, हरीश राव समेत कई नेता गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
तेलंगाना में कांग्रेस-बीआरएस के बीच टकराव तेज, हरीश राव समेत कई नेता गिरफ्तार


हैदराबाद, 02 जुलाई (हि.स.)। तेलंगाना के बढ़ते कर्ज और गुरुकुल आवासीय स्कूलों के टेंडरों में कथित अनियमितताओं को लेकर सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी पार्टी भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के बीच राजनीतिक टकराव गुरुवार को उस समय चरम पर पहुंच गया, जब पूर्व मंत्री टी. हरीश राव सहित कई बीआरएस नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस घटनाक्रम के बाद राज्य की राजनीति में तनाव और बढ़ गया।

पुलिस ने टी. हरीश राव, वी. श्रीनिवास गौड़, बीआरएस महासचिव आरएस प्रवीण कुमार समेत कई नेताओं को तेलंगाना भवन के बाहर उस समय हिरासत में लिया, जब वे तेलंगाना शहीद स्मारक (गन पार्क) की ओर बढ़ रहे थे। कांग्रेस के मंत्रियों ने बीआरएस नेताओं को वहीं सार्वजनिक बहस की चुनौती दी थी। इस दौरान तेलंगाना भवन, गन पार्क और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात रहा, जबकि दोनों दलों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे।

गिरफ्तारी से पहले मीडिया से बातचीत में हरीश राव ने कांग्रेस सरकार पर राजनीतिक द्वेष का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वे गुरुकुल स्कूल टेंडरों में कथित अनियमितताओं से जुड़े दस्तावेजी साक्ष्य लेकर बहस में हिस्सा लेने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस नेताओं ने खुद बहस की चुनौती दी थी, तो फिर उन्हें वहां जाने से क्यों रोका गया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें मंत्री पोन्नम प्रभाकर से मिलने और बातचीत करने का अवसर नहीं दिया। हरीश राव ने कहा कि बीआरएस तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर अपने आरोप साबित करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

यह विवाद तेलंगाना के कर्ज और आवासीय स्कूलों के टेंडरों में कथित गड़बड़ियों को लेकर कांग्रेस मंत्रियों और बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव तथा वरिष्ठ नेता हरीश राव के बीच लगातार चल रही बयानबाजी और सार्वजनिक बहस की चुनौती से शुरू हुआ था।

गुरुवार सुबह केटी रामा राव तेलंगाना भवन में मंत्री जुपल्ली कृष्ण राव का इंतजार करते रहे, जबकि हरीश राव अपने समर्थकों के साथ गन पार्क के लिए रवाना हुए, लेकिन उन्हें रास्ते में ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

वहीं, मंत्री जुपल्ली कृष्ण राव पहले गांधी भवन में कांग्रेस के कार्यक्रम में शामिल हुए और बाद में कहा कि उन्होंने गन पार्क में बहस की चुनौती स्वीकार की है। उन्होंने केटी रामा राव और हरीश राव दोनों को एक साथ गन पार्क आने की चुनौती देते हुए कहा कि वे दोनों के सवालों का एक साथ जवाब देने को तैयार हैं।

इस बीच मंत्री पोन्नम प्रभाकर, अदलूरी लक्ष्मण कुमार और मोहम्मद अजहरुद्दीन भी गन पार्क पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि बीआरएस नेता बहस से बच रहे हैं। हालांकि, उसी समय पुलिस द्वारा बीआरएस नेताओं की गिरफ्तारी के कारण बहस हो नहीं सकी और दोनों दलों ने एक-दूसरे पर राजनीतिक नाटक करने का आरोप लगाया।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Share this story