भाजपा अध्यक्ष नितिन ननीन ने कांग्रेस पर मुस्लिम तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार का लगाया आरोप

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा अध्यक्ष नितिन ननीन ने कांग्रेस पर मुस्लिम तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार का लगाया आरोप


-भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने महबूबनगर में विजय संकल्प सम्मेलन को किया संबोधित

महबूबनगर, 04 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन ननीन ने कांग्रेस पर मुस्लिम वोट बैंक की तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। वे बुधवार को महबूबनगर के एमवीएस डिग्री कॉलेज मैदान में पार्टी की ओर से आयोजित विजय संकल्प सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

अपने संबोधन में नितिन नवीन ने कहा कि तेलंगाना की राजनीति ने गंभीर मोड़ ले लिया है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पूरी तरह से तुष्टीकरण की राजनीति में लिप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार तेलुगु लोगों की संस्कृति और परंपराओं का अपमान, सनातन धर्म पर हमला और केवल एक समुदाय को खुश करने की कोशिश कर रही है।

भाजपा अध्यक्ष ने आह्वान किया कि अब समय आ गया है कि तेलंगाना के लोग इस नाइंसाफी का करारा जवाब दें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चुप है, जबकि कई जगहों पर हिंदू मंदिरों पर खुलेआम हमले, मंदिरों की जमीन पर कब्ज़ा और हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सनातन धर्म पर हमला हुआ तो भाजपा कार्यकर्ता चुप नहीं रहेंगे और इसकी रक्षा के लिए कोई भी कुर्बानी देने को तैयार हैं।

नितिन नवीन ने कहा कि तेलंगाना के भविष्य, संस्कृति और परंपराओं की रक्षा के लिए जनता को भाजपा को मजबूत समर्थन देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। छोटे ठेकेदारों को विकास कार्यों और बिलों की मंजूरी के लिए आरआर (रेवंत रेड्डी) टैक्स देना पड़ता है। उन्होंने कहा कि राज्य में सभी समुदायों के साथ न्याय करने के लिए भाजपा को जिताना आवश्यक है।

भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि पिछले चुनावों में मिली 35 प्रतिशत वोट शेयर को बढ़ाकर हर बूथ पर 50 प्रतिशत वोट दिलाने के लिए काम किया जाए। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लोगों का भरोसा मजबूत करना होगा।

उन्होंने केंद्रीय बजट 2026-27 के तहत तेलंगाना के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि पलामुरु से हाई-स्पीड एलिवेटेड कॉरिडोर, राज्य के लिए रेलवे में 5,400 करोड़ रुपये से अधिक निवेश, हैदराबाद-बेंगलुरु हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर और अन्य योजनाएं राज्य के विकास के प्रति राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

भाजपा विजय संकल्प सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी, राज्यसभा सांसद लक्ष्मण, तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र राव, महबूबनगर सांसद डीके अरुणा, सांसद कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी और कई स्थानीय नेता मंच पर उपस्थित थे।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / नागराज राव

Share this story